दुर्ग के ग्राम समोदा में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, शासकीय भूमि से हटाया गया अतिक्रमण
दुर्ग जिले में प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम समोदा में शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से अवैध निर्माणों को हटाया गया और जमीन को खाली कराया गया।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त तहसीलदार क्षमा यदु के नेतृत्व में राजस्व अमले और पुलिस बल की टीम ने यह कार्रवाई की। यह कार्रवाई दुर्ग जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम समोदा, राजस्व निरीक्षक मंडल जेवरा सिरसा, तहसील दुर्ग में की गई।
प्रशासन के मुताबिक खसरा नंबर 778 की लगभग 0.13 हेक्टेयर शासकीय घास भूमि पर अवैध रूप से पक्की दुकान, टीन शेड लगाकर निर्माण और सीमेंट पोल के सहारे तार घेरा लगाया गया था। जांच में पाया गया कि यह कब्जा ग्राम समोदा निवासी ब्रजेश ताम्रकार द्वारा किया गया था।
प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी के माध्यम से अवैध निर्माणों को हटाया और भूमि को शासकीय उपयोग के लिए खाली कराया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
इस अभियान में राजस्व निरीक्षक रेखा शुक्ला, पटवारी चन्द्रिका प्रसाद खरें, शत्रुघ्न मिश्रा, अनिता साहू और संदीप देशमुख सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा पंचायत के जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

