futuredछत्तीसगढ

रायपुर में ‘लखपति दीदी संवाद’ 7 मार्च को, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे शिरकत

रायपुर, 6 मार्च 2026। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ द्वारा 7 मार्च 2026 को रायपुर के इंडोर स्टेडियम में ‘लखपति दीदी संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस गरिमामय आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा करेंगे।

कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं, कैडर्स और हजारों लखपति दीदियां शामिल होंगी। इनके साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहेंगे। आयोजन का उद्देश्य स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की उपलब्धियों को साझा करना तथा आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में उनके प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम के दौरान लखपति दीदियों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी सफलता की कहानियां सुनेंगे। साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी भी प्राप्त करेंगे। यह संवाद मंच महिलाओं की आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

See also  ईरान-इज़राइल युद्ध में नया मोड़: तुर्किये की ओर बढ़ी मिसाइल नाटो ने रोकी

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के करकमलों से लखपति दीदी आधारित कॉफी टेबल बुक और छत्तीसकला आधारित ब्रांड बुक का विमोचन किया जाएगा। इसके साथ ही ‘लखपति दीदी ग्राम पोर्टल’ का शुभारंभ भी होगा। इन प्रकाशनों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की उपलब्धियों, नवाचारों और आत्मनिर्भरता की प्रेरक यात्राओं को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्व-सहायता समूह की महिलाओं, कैडर्स और लखपति दीदियों को सम्मानित भी किया जाएगा। यह आयोजन राज्य में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे सतत प्रयासों को रेखांकित करने के साथ अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करेगा।