futuredछत्तीसगढ

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित विधायकगण ने ग्रहण किया ब्रह्मा भोजन

रायपुर, 23 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज नया रायपुर स्थित शांति सरोवर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित स्नेह मिलन एवं ब्रह्मा भोजन कार्यक्रम में शामिल हुए। यह आयोजन छत्तीसगढ़ विधानसभा के सम्मानित सदस्यों के लिए विशेष रूप से आयोजित किया गया था।

मुख्यमंत्री ने ब्रह्माकुमारी बहनों के स्नेह, आत्मीयता और सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रेम और आदर से सभी जनप्रतिनिधि अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बड़े स्नेहपूर्वक विधानसभा सदस्यों के लिए ब्रह्मा भोजन का आयोजन एक प्रेरणादायी परंपरा बन चुका है, जो जनप्रतिनिधियों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय समाज में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक जागरूकता और आत्मिक शांति के प्रसार के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने उल्लेख किया कि शांति सरोवर और शांति शिखर जैसे आध्यात्मिक केंद्रों में सदैव सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। संस्था का 137 से अधिक देशों में विस्तार इसकी वैश्विक स्वीकार्यता और प्रभाव को दर्शाता है।

See also  विधानसभा सदस्यों के लिए ‘ब्रह्मा भोजन’ की परंपरा प्रेरक : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

उन्होंने कहा कि संस्थान विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है। महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने में संस्था की भूमिका उल्लेखनीय है। विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों में सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों से स्थानीय समुदाय को व्यापक लाभ मिला है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ब्रह्माकुमारी बहनों के अतिथि बने और पवित्र ब्रह्मा भोजन ग्रहण किया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित कैबिनेट मंत्रीगण और सभी विधायकगणों ने भी ब्रह्मा भोजन का आनंद लिया।

कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों ने मुख्यमंत्री एवं विधानसभा के सभी सदस्यों को माउंट आबू स्थित मुख्यालय आने का आग्रह किया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया। इस अवसर पर चरणदास महंत ने भी अपने विचार व्यक्त किए और आयोजन की सराहना की।

कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, विधायक धरमलाल कौशिक सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ब्रह्माकुमारी परिवार की ओर से मृत्युंजय भाई, आत्म प्रकाश भाई, हेमलता दीदी, लता दीदी, आशा दीदी, सरिता दीदी एवं सविता दीदी सहित अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में सहभागी बने।

See also  दुर्ग में परमहंस स्वामी प्रज्ञानानंद गिरि ने ‘पवनपुत्र टाइम्स’ के ‘मानस में बजट’ अंक का किया विमोचन

यह स्नेह मिलन आध्यात्मिकता और जनसेवा के समन्वय का सशक्त उदाहरण रहा, जिसमें जनप्रतिनिधियों और आध्यात्मिक संस्था के बीच संवाद एवं सहयोग को नई दिशा मिली।