futuredछत्तीसगढ

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बगिया बालक आश्रम में बच्चों के बीच मनाया 62वां जन्मदिवस

रायपुर, 21 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने 62वें जन्मदिवस को जशपुर के बगिया स्थित बालक आश्रम के बच्चों के बीच आत्मीयता और स्नेह के साथ मनाया। मुख्यमंत्री के आश्रम पहुँचते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी झलक उठी और पूरा परिसर पारिवारिक वातावरण में बदल गया। उस क्षण वे किसी पद पर आसीन जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि बच्चों के स्नेही अभिभावक की तरह उनके बीच दिखाई दिए।

मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनसे संवाद किया। उन्होंने बच्चों के नाम पूछे, पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और उनके सपनों को सुनकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बातचीत के दौरान उनके व्यवहार में झलकता अपनत्व बच्चों में विश्वास और उत्साह भरता रहा। बच्चे भी पूरी सहजता के साथ उनसे बातचीत करते हुए आनंदित नजर आए।

आश्रम परिसर में उत्सव जैसा माहौल था। मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने हाथों से केक और चॉकलेट खिलाया तथा उनके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने, बड़े सपने देखने और जीवन में आगे बढ़कर परिवार व प्रदेश का नाम रोशन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि बच्चों की मुस्कान ही उनके जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार है।

See also  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के 62वें जन्मदिन पर रक्तदान शिविर, 62 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य

उल्लेखनीय है कि बालक आश्रम बगिया में कक्षा पहली से पाँचवीं तक के छात्र अध्ययनरत हैं, जिनमें अधिकांश बच्चे आदिवासी समुदाय से हैं। मुख्यमंत्री का उनके बीच पहुँचकर जन्मदिन मनाना बच्चों के लिए प्रेरणादायक क्षण बन गया।

इस अवसर पर विधायक गोमती साय, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा आश्रम के शिक्षक और स्टाफ उपस्थित रहे।