futuredछत्तीसगढ

मैनपाट महोत्सव 13 से 15 फरवरी तक, मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ, बॉलीवुड से लोक कला तक सजेगा सांस्कृतिक मंच

रायपुर, 10 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ के शिमला और छोटा तिब्बत के नाम से प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में 13 से 15 फरवरी तक भव्य मैनपाट महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। रोपाखार जलाशय के समीप आयोजित होने वाले इस महोत्सव का आयोजन राज्य शासन के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। शुभारंभ कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे।

मैनपाट महोत्सव में लोक गीत, लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। 13 फरवरी को भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और ओडिशा के प्रसिद्ध छऊ नृत्य की प्रस्तुति होगी।

14 फरवरी को छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक गायिका अलका चंद्राकर और इंडियन आइडल फेम वैशाली रायकवार अपनी सुरीली आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी। 15 फरवरी को महोत्सव का मुख्य आकर्षण बॉलीवुड की प्रसिद्ध गायिका कनिका कपूर होंगी। साथ ही रायगढ़ घराने की कत्थक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और गायक आयुष नामदेव भी अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अतिरिक्त स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों द्वारा भी विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

See also  आबकारी भवन में आग, ऑडिट से पहले रिकॉर्ड रूम को भारी नुकसान

जिला प्रशासन द्वारा मैनपाट महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस अवसर पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी लगाई जा रही है, जहां शासन की योजनाओं के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों, टाऊ और तिब्बती हस्तशिल्प का प्रदर्शन किया जाएगा। पर्यटकों के लिए बोटिंग, साहसिक खेल और पारंपरिक दंगल जैसी एडवेंचर गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।

महोत्सव स्थल पर सुरक्षा, पार्किंग और पर्यटकों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। फूड ज़ोन में सरगुजा अंचल के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेने का अवसर मिलेगा।

मैनपाट के प्रमुख आकर्षण

अंबिकापुर मुख्यालय से लगभग 75 किलोमीटर दूर स्थित मैनपाट एक अत्यंत रमणीय हिल स्टेशन है, जो समुद्र तल से 3,781 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यहां एक बड़ा तिब्बती समुदाय निवास करता है और थाकपो शेडुप्लिंग मठ प्रमुख आकर्षणों में शामिल है।

जलजली क्षेत्र एक भूगर्भीय आश्चर्य है, जहां जमीन स्पंज की तरह हिलती है, जिसे म्यूजिकल लैंड भी कहा जाता है। उल्टा पानी क्षेत्र में पानी ढलान के विपरीत दिशा में बहता है, जो पर्यटकों के लिए कौतूहल का विषय है। इसके अलावा टाइगर पॉइंट, मछली पॉइंट, मेहता पॉइंट और सरभंजा जलप्रपात जैसे अनेक दर्शनीय स्थल मैनपाट की सुंदरता को और बढ़ाते हैं।

See also  13 फरवरी से मैनपाट महोत्सव, मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ