futuredछत्तीसगढ

अरपा महोत्सव और स्थापना दिवस पर जीपीएम जिले को 100 करोड़ की सौगात, नव विवाहित 300 जोड़ों को दिया आशीर्वाद

रायपुर, 10 फरवरी 2026/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अरपा महोत्सव एवं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के छठवें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर जिले को लगभग 100 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने कहा कि जिले के समन्वित विकास के लिए राज्य सरकार हर संभव पहल करेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री बस सेवा योजना में जिले को शामिल करने सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 300 नवविवाहित जोड़ों को सुखी दाम्पत्य जीवन के लिए आशीर्वाद भी दिया गया।

मुख्यमंत्री ने अरपा महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन से जिले के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि पेंड्रारोड से अमरकंटक तक 19 किलोमीटर सड़क निर्माण से आवागमन सुगम होगा, वहीं केवची मार्ग के निर्माण से पर्यटन विकास को नई दिशा मिलेगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज प्रदेशभर में 6,414 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ है, जो एक ऐतिहासिक उपलब्धि है और इसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना बेटियों के सम्मान और उनके सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

यह भी पढ़ें  आयुर्वेद में निवारक चिकित्सा की अवधारणा

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत मरवाही में उच्च विश्राम गृह की स्वीकृति, मुख्यमंत्री बस सेवा योजना में जीपीएम जिले को शामिल करने, जिला मुख्यालय में भव्य ऑडिटोरियम निर्माण तथा समदलई पर्यटन स्थल में स्टॉप डैम निर्माण की घोषणा की।

कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को चेक और सामग्री का वितरण किया गया। स्वामित्व योजना के अंतर्गत 435 किसानों को पट्टे प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए सभी शासकीय योजनाओं के स्टालों का अवलोकन भी किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के विकास कार्यों पर आधारित बुकलेट का विमोचन किया। साथ ही जिले की पर्यटन संभावनाओं और पिछले दो वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित वीडियो फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, अटल श्रीवास्तव, अनुज शर्मा, मोतीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें  जनगणना 2027 का पहला चरण शुरू: छत्तीसगढ़ में 1 मई से घरों और मकानों की होगी गणना