futuredछत्तीसगढ

कर्मा महोत्सव जनजातीय संस्कृति और परंपरा का उत्सव: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर, 17 जनवरी 2026/ कर्मा महोत्सव छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपरा और सामुदायिक चेतना का सशक्त प्रतीक है। ऐसे आयोजन न केवल लोक पर्वों को सहेजते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य भी करते हैं। कर्मा पर्व प्रकृति से जुड़ाव, आपसी भाईचारे और सामूहिक आनंद का उत्सव है। यह विचार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज सूरजपुर जिले के चुनगुड़ी में आयोजित कर्मा महोत्सव को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जिले के विकास को नई गति देते हुए 172.51 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने चुनगुड़ी के स्कूल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने तथा नगर पंचायत भटगांव के विकास हेतु एक करोड़ रुपये की घोषणा की। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और सांसद चिंतामणि महाराज ने भी संबोधन किया।

परंपरा, संस्कृति और उल्लास से परिपूर्ण इस कर्मा महोत्सव में मांदर की थाप और घुंघरुओं की झंकार के बीच पूरा क्षेत्र कर्मा नृत्य की लय में थिरक उठा। सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, कोरिया और मनेंद्रगढ़ जिलों से आए 33 कर्मा दलों के लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर दर्शकों को छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया।

See also  खल्लारी में महात्मा देवपाल मोची के पुण्य स्मरण में भव्य सामाजिक समरसता संगोष्ठी आयोजित

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने नाव-जाल एवं आइस बॉक्स वितरण, आयुष्मान कार्ड, छत्तीसगढ़ महिला कोष से ऋण वितरण तथा महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित छह रेडी-टू-ईट इकाइयों का शुभारंभ किया। इसके साथ ही पोषण वितरण कार्य से जुड़ी महिलाओं को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को स्वरोजगार के लिए मुद्रा ऋण, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत बीमा क्लेम तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी भी प्रदान की गई। इन पहलों से महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा को और मजबूती मिलने की बात मुख्यमंत्री ने कही।

कार्यक्रम में विधायक भूलन सिंह मरावी, वन विकास निगम के अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष रेखा राजलाल राजवाड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिलास्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।