futuredछत्तीसगढ

सनातन परंपरा से समाज में नैतिकता और समरसता मजबूत होती है: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर, 16 जनवरी 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि सनातन परंपरा और आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में नैतिकता, संस्कार और सामाजिक समरसता को मजबूती मिलती है। वे रायगढ़ जिले के बरगढ़ खोला अंचल के ग्राम खम्हार में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा को संबोधित कर रहे थे।

उल्लेखनीय है कि यह कथा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताश्री हीराबेन मोदी की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि स्वरूप आयोजित की जा रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से प्रदेश की जनता के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बाल कथा व्यास कृष्णा दुबे महाराज से भेंट कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वही पावन भूमि है, जहां प्रभु श्रीराम ने अपने वनवास काल का अधिकांश समय व्यतीत किया। माता शबरी के जूठे बेरों की महिमा आज भी जनमानस में जीवंत है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल से बना प्रसाद अर्पित किया गया, जो पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।

See also  खल्लारी में महात्मा देवपाल मोची के पुण्य स्मरण में भव्य सामाजिक समरसता संगोष्ठी आयोजित

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित रामलला दर्शन योजना के तहत पिछले दो वर्षों में 40 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या दर्शन कर चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत 19 चिन्हित तीर्थ स्थलों की यात्रा कराते हुए अब तक 5 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को लाभान्वित किया गया है।

कार्यक्रम को वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी संबोधित किया।

श्री शिव महापुराण कथा का संगीतमय वाचन अकोला (महाराष्ट्र) से पधारे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बाल कथा व्यास कृष्णा दुबे महाराज द्वारा किया जा रहा है, जिसमें भगवान शिव, माता पार्वती सहित संपूर्ण शिव चरित्र का भावपूर्ण वर्णन प्रस्तुत किया जा रहा है।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, कमलेश जांगड़े, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा गबेल, रायगढ़ के महापौर जीवर्धन चौहान, खरसिया नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।