सावित्रीबाई फुले जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का नमन, महिला शिक्षा और समानता की अग्रदूत को किया स्मरण
रायपुर, 2 जनवरी 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारत की प्रथम महिला शिक्षिका, महान समाज सुधारक और नारी सशक्तिकरण की अग्रदूत सावित्रीबाई फुले की जयंती (3 जनवरी) के अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने उस समय महिला शिक्षा की अलख जगाई, जब समाज कुरीतियों, छुआछूत और कठोर सामाजिक बंधनों से जकड़ा हुआ था। उन्होंने न केवल महिलाओं को शिक्षा के लिए प्रेरित किया, बल्कि स्वयं आगे बढ़कर उन्हें शिक्षा का अधिकार दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया। लैंगिक भेदभाव और सामाजिक असमानता के विरुद्ध उनका संघर्ष साहस, संकल्प और सामाजिक चेतना का प्रेरणादायी उदाहरण है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्त्री अधिकारों, समानता और शिक्षा के क्षेत्र में सावित्रीबाई फुले का योगदान अमूल्य और अविस्मरणीय है। उनके विचार और कर्म आज भी समाज को प्रगतिशील और न्यायपूर्ण दिशा देने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सावित्रीबाई फुले के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेते हुए शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा एक समतामूलक समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
