futuredछत्तीसगढ

गजरथ यात्रा–2025 पुस्तक का विमोचन: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मानव–हाथी द्वंद प्रबंधन के प्रयासों को बताया अनुकरणीय

रायपुर, 28 दिसंबर 2025/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अपने निज निवास बगिया में ‘गजरथ यात्रा–2025’ पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक जशपुर जिले में मानव–हाथी द्वंद को कम करने के लिए किए गए प्रयासों, योजनाओं और उपलब्धियों का विस्तृत दस्तावेज है।

पुस्तक में जशपुर जिले के हाथी विचरण क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों के वर्गीकरण, विद्यालय स्तर पर संचालित जागरूकता अभियानों, गज सूचना एवं नियंत्रण कक्ष की स्थापना, मानव–हाथी द्वंद प्रबंधन के लिए तकनीकी पहल एनीमल ट्रैकर ऐप के प्रशिक्षण, तथा जिलेभर में गजरथ यात्रा के विस्तार और इसके सकारात्मक परिणामों को विस्तार से शामिल किया गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मानव–हाथी द्वंद को कम करने और जनजागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले छह वनकर्मियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में वनपाल उमेश पैंकरा, वनरक्षक दुर्गेश नंदन साय, आरआरटी सदस्य महत्तम राम सोनी, गणेश राम, रविशंकर पैंकरा तथा हाथी मित्र दल से फूल सिंह सिदार शामिल हैं।

See also  कामधेनु विश्वविद्यालय दुर्ग में एलुमनाई मीट–2025 संपन्न, देश-विदेश से 400 से अधिक पूर्व छात्र हुए शामिल

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पुस्तक में समाहित जानकारियां आम नागरिकों को हाथियों के व्यवहार को समझने, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने और आवश्यक सतर्कता उपाय अपनाने में उपयोगी सिद्ध होंगी। उन्होंने विद्यालय स्तर पर चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण से जोड़ना भविष्य की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

सम्मानित वनकर्मियों और आरआरटी सदस्यों की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सतर्कता, साहस और सेवाभाव के कारण कई गांवों में बड़ी घटनाएं टल सकीं और जान–माल की रक्षा संभव हो पाई है।

इस अवसर पर कमिश्नर नरेन्द्र कुमार दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह तथा वनमंडलाधिकारी शशि कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।