अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी श्रद्धांजलि, सुशासन को बताया स्थायी प्रेरणा
रायपुर, 25 दिसंबर 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने राजनीति को सत्ता का नहीं, बल्कि सेवा और संवाद का माध्यम बनाया। वे एक दूरदर्शी राजनेता होने के साथ-साथ संवेदनशील कवि और करुणामय जननायक थे, जिनकी विचारधारा आज भी देश को दिशा देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटलजी के नेतृत्व में देश ने सुशासन, पारदर्शिता और समावेशी विकास की मजबूत नींव रखी। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का उनका संकल्प आज भी शासन की मूल भावना है। यही दृष्टि छत्तीसगढ़ सरकार की नीतियों, योजनाओं और निर्णयों में स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रशासनिक सुधार, पारदर्शी व्यवस्था, समयबद्ध सेवाओं की उपलब्धता और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यह संपूर्ण यात्रा अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और आदर्शों से प्रेरणा प्राप्त करती है।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अटलजी के मूल्यों—ईमानदारी, संवेदनशीलता, संवाद और समावेशी विकास—को अपने जीवन और कार्य में अपनाएं और विकसित छत्तीसगढ़ तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
इस अवसर पर विधायक किरण सिंह देव भी उपस्थित रहे।
