महालक्ष्मी पूजन में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सलखंड में महतारी सदन निर्माण की घोषणा
रायपुर, 26 नवंबर 2025/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज महासमुंद जिले के बसना तहसील अंतर्गत ग्राम सलखंड में ग्रामीणों द्वारा आयोजित महालक्ष्मी देवी पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने मां लक्ष्मी से प्रदेशवासियों की सुख-संपन्नता और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। पूजन के दौरान पुजारियों ने पारंपरिक मंत्रोच्चार किया, जिसमें मुख्यमंत्री ने श्रद्धा के साथ भाग लिया। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और स्थानीय विकास कार्यों की जानकारी ली।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय और रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने ग्राम सलखंड में महतारी सदन निर्माण की घोषणा की। साथ ही एनीकेट निर्माण के लिए जल संसाधन विभाग को आवश्यक जानकारी जुटाकर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अगहन मास के पवित्र अवसर पर मां महालक्ष्मी की पूजा में शामिल होना सौभाग्य का अनुभव है। उन्होंने कहा कि बसना और सलखंड के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी भक्ति और परंपरा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का गर्व है। यह माह अन्न, धन और समृद्धि का प्रतीक है। इसी समय नई फसल खेतों में लहलहाती है और घरों में खुशहाली आती है।
उन्होंने मां लक्ष्मी से राज्य के हर नागरिक के सुख, शांति, अच्छे स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सलखंड की 25 वर्षों से जारी यह परंपरा श्रद्धा के साथ-साथ सामाजिक एकता और सामुदायिक जागरूकता का उदाहरण है। यहां लगने वाला मेला ग्रामीण संस्कृति और लोक परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रनिर्माण में जनभागीदारी के महत्व पर बात करते हुए कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ निर्माण समिति के सदस्यों के योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया और कहा कि उनके प्रयासों ने आज के विकसित होते छत्तीसगढ़ की नींव रखी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार के सहयोग से अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और आवास निर्माण जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां मिली हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ को 18 लाख आवासों की स्वीकृति इसका बड़ा उदाहरण है। महतारी वंदन योजना से राज्य की लगभग 70 लाख महिलाओं को लाभ मिल रहा है, जो महिलाओं के सम्मान और आर्थिक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने संविधान के प्रति निष्ठा, समानता, समरसता और राष्ट्रीय विकास की भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त प्रतिबद्धता से छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में बसना विधायक सम्पत अग्रवाल, महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
