futuredछत्तीसगढ

छत्तीसगढ़ के 68 युवा सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय पदयात्रा के लिए गुजरात रवाना

रायपुर, 23 नवम्बर 2025/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित पदयात्रा में शामिल होने के लिए गुजरात रवाना होने वाले छत्तीसगढ़ के 68 युवाओं के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय, रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में चयनित युवा करमसद से केवड़िया तक होने वाली राष्ट्रीय पदयात्रा में हिस्सा लेंगे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों और ब्रिटिश शासन के अधीन क्षेत्रों को एकजुट कर आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, संकल्प और अथक परिश्रम ने देश को एक सूत्र में पिरोया। उन्होंने इसे भारत के इतिहास की सबसे बड़ी राष्ट्रीय एकता की पहल बताया।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हाल ही में वे केवड़िया में आयोजित भारत पर्व में शामिल हुए थे, जहाँ उन्होंने विश्व की सबसे ऊँची प्रतिमा, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, के दर्शन किए। इस आयोजन में भारत की सांस्कृतिक विविधता का अनूठा प्रदर्शन देखने को मिला, जहाँ छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और व्यंजनों को विशेष सराहना मिली।

See also  तानवट में पहली बार आयोजित हुआ लालसिंह मांझी शहीद गौरव दिवस, प्रतिमा स्थापना और वार्षिक आयोजन का संकल्प

उन्होंने कहा कि 26 नवम्बर से 06 दिसम्बर तक प्रस्तावित यूनिटी मार्च में छत्तीसगढ़ के युवाओं के साथ देशभर के जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे, जो राज्य के लिए सम्मान की बात है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भारत की भौगोलिक एवं सांस्कृतिक एकता का श्रेय सरदार पटेल की दूरदृष्टि और राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पण को जाता है। उन्होंने रियासतों के विलय जैसे ऐतिहासिक कार्य के माध्यम से अखंड भारत का मार्ग प्रशस्त किया। उपमुख्यमंत्री ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह यात्रा उन्हें राष्ट्रीय चेतना और प्रेरणा से भर देगी।

जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने युवाओं को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और पदयात्रा में शामिल होने के लिए शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम में रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पूर्व विधायक नवीन मार्कण्डेय, जी. वेंकट राव, श्याम नारंग, राहुल टिकरिया, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार सहित बड़ी संख्या में युवा, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

See also  गोंड युवक-युवती परिचय सम्मेलन में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय, 5 लाख की सहायता राशि की घोषणा