जगदलपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जगतु माहरा बस्तर हाईस्कूल के शताब्दी समारोह में की बड़ी घोषणाएँ
जगदलपुर स्थित शासकीय जगतु माहरा बस्तर हाईस्कूल के शताब्दी वर्ष समारोह में आज मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शामिल होकर विद्यालय परिवार को 100 वर्ष पूरे होने की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों, पूर्व छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकास की असली धुरी है और यही समाज को नई दिशा देती है।
मुख्यमंत्री ने विद्यालय के शताब्दी वर्ष पर डेढ़ करोड़ रुपये की राशि से भवन जीर्णोद्धार तथा पोस्ट-मैट्रिक छात्रावास निर्माण की घोषणा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विद्यालय की अन्य आवश्यकताओं को भी सरकार प्राथमिकता के साथ पूरा करेगी।
विद्यालय की सौ वर्ष की यात्रा का सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1926 में संसाधनों की कमी के बीच स्थापित यह स्कूल बस्तर के शिक्षा इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय रहा है। इस विद्यालय से निकले अनेक छात्र आज विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं और विद्यालय का नाम गर्व से रोशन कर रहे हैं।
तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा
कार्यक्रम में शैलेंद्र सिंह ठाकुर की ओर से विद्यालय को दो ड्रोन भेंट किए गए। साथ ही उन्होंने 50 ड्रोन प्रदान करने की सहमति दी, जिससे विद्यार्थियों को तकनीकी प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इसे आधुनिक शिक्षा की दिशा में बड़ा कदम बताया।
नई पहल और लोकार्पण
समारोह में मुख्यमंत्री साय ने—
-
शताब्दी वर्ष की स्मृति-पट्टिका का अनावरण,
-
स्वर्गीय ठाकुर देवेंद्र सिंह और श्रीमती शारदा ठाकुर की स्मृति में निर्मित दो स्मार्ट क्लासों का शुभारंभ,
-
विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत परिजात पौधे का रोपण किया।
विद्यालय की स्मारिका का भी विमोचन हुआ। शताब्दी कार्यक्रम का आरंभ ध्वजारोहण और मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
शहीद पूर्व छात्रों को श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने विद्यालय के सात पूर्व छात्रों के छायाचित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की, जो पुलिस व सुरक्षा बलों में सेवा के दौरान शहीद हुए। इसके अलावा उन्होंने छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन अध्यक्ष श्री श्रीनिवास राव मद्दी के पिता की स्मृति में आयोजित भोजन कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों को भोजन भी परोसा।
मंत्रीगण व जनप्रतिनिधियों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने बताया कि यह विद्यालय आजादी से पहले स्थापित होने वाले दुर्लभ संस्थानों में से एक है। उन्होंने पूर्व छात्रों के योगदान को याद करते हुए विद्यालय की आवश्यकताओं की पूर्ति का आश्वासन दिया।
विधायक श्री किरण देव, जो स्वयं इस विद्यालय के पूर्व छात्र हैं, ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा कीं। उन्होंने कहा कि इस संस्थान ने बस्तर के अनगिनत विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने का मौका दिया है।
कार्यक्रम में वन मंत्री श्री केदार कश्यप, सांसद श्री महेश कश्यप, विधायक श्री विनायक गोयल, जिला व स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व छात्र और वर्तमान विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

