छत्तीसगढ़ में माओवादी उन्मूलन और विकास योजनाओं पर मुख्यमंत्री की केंद्रीय गृहमंत्री से चर्चा
नई दिल्ली, 1 अगस्त 2025/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज संसद भवन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के समग्र विकास, माओवादी चुनौती से निपटने की रणनीति सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री को माओवादी विरोधी अभियानों की उपलब्धियों और भविष्य की रणनीतियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2023 से अब तक राज्य में 33 बड़ी मुठभेड़ों में शीर्ष माओवादी नेताओं सहित 445 माओवादी न्यूट्रलाइज किए गए हैं। इसके अलावा, 1554 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है और 1588 ने आत्मसमर्पण किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की “समन्वित विकास और सुरक्षा” नीति के तहत माओवादी प्रभाव को पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। इस दिशा में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इन प्रयासों से माओवादी प्रभाव में गिरावट के साथ स्थानीय समुदायों में प्रशासन के प्रति विश्वास भी बढ़ा है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार के माओवादी उन्मूलन के प्रयासों की सराहना की और उन्हें ऐतिहासिक बताया। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ के राज्य गठन की 25वीं वर्षगांठ पर आयोजित होने वाले अमृत रजत महोत्सव 2025 की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और आर्थिक उपलब्धियों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बस्तर क्षेत्र के विकास और सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन हेतु अमित शाह को धन्यवाद भी दिया।