futuredविश्व वार्ता

भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों से दिया इस्तीफा

नई दिल्ली, 21 जुलाई 2025/ भारत के उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित एक औपचारिक पत्र में स्वास्थ्य कारणों और चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने के लिए यह निर्णय लिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंपा है।

अपने इस्तीफे पत्र में श्री धनखड़ ने राष्ट्रपति के प्रति गहन कृतज्ञता व्यक्त की है और उनके साथ कार्यकाल के दौरान रहे सौहार्दपूर्ण संबंधों को सराहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री और मंत्रिपरिषद का भी आभार व्यक्त किया, जिनसे उन्हें महत्वपूर्ण सहयोग और सीखने के अवसर प्राप्त हुए।

उन्होंने संसद के सभी माननीय सदस्यों से मिले स्नेह, विश्वास और सान्निध्य को अपने जीवन की अमूल्य स्मृति बताया। साथ ही, अपने उपराष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान भारत की आर्थिक प्रगति और वैश्विक स्तर पर बढ़ते प्रभाव को एक गौरवपूर्ण अनुभव बताया।

श्री धनखड़ ने पत्र के अंत में भारत के उज्जवल भविष्य में अपनी अटूट आस्था व्यक्त करते हुए यह कहा कि वे इस पद को त्यागते हुए भी देश की उपलब्धियों पर गर्व महसूस कर रहे हैं।

See also  केबिनेट मंत्री ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत लगाया आम का पौधा

यह इस्तीफा ऐसे समय पर आया है जब भारत वैश्विक मंच पर अपनी भूमिका को विस्तार दे रहा है और यह राजनीतिक जगत में एक बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है।