futuredताजा खबरें

बड़ी खबर: सेंट्रल कमेटी का एक करोड़ी नक्सली नेता सुधाकर मुठभेड़ में ढेर

रायपुर 5  जून 2025। सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। नेशनल पार्क क्षेत्र में हुए मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने एक वांछित नक्सली नेता नरसिम्हाचलम उर्फ गौतम उर्फ सुधाकर को मार गिराया है। सुधाकर नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी का सदस्य था और उस पर छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र में कुल मिलाकर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।

सुधाकर नक्सल संगठन के शिक्षा विभाग का प्रमुख था और आंध्र प्रदेश के चिंतापालुदी गांव का रहने वाला था। बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इलाके में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और मारे गए नक्सलियों की संख्या में इजाफा हो सकता है। मौके से एक ऑटोमेटिक राइफल भी बरामद हुई है।

यह मुठभेड़ DRG, कोबरा और STF के संयुक्त अभियान के दौरान हुई, जो बीते कुछ समय से क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों के खिलाफ तलाशी अभियान चला रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है।

See also  युवा मन की उलझनों में भगवद्गीता का प्रकाश: कर्म, विवेक और आत्मबल का संदेश

इस बीच बीजापुर एसपी कार्यालय में आला अधिकारियों की आपात बैठक चल रही है। डीआईजी कमलोचन कश्यप, सीआरपीएफ के डीआईजी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं।

गौरतलब है कि 29 मई को बस्तर रेंज के आईजी ने नक्सलियों से मुख्यधारा में लौटने की अंतिम अपील करते हुए कहा था कि चाहे वह सोनू हो, हिडमा, सुजाता या रामचंद्र रेड्डी—जो भी बड़ा कैडर लीडर है, अगर जीवन चाहता है तो अब भी समय है—हिंसा छोड़ें, आत्मसमर्पण करें और सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ लें, नहीं तो उनका अंत तय है।

आईजी ने यह भी दावा किया था कि कई वरिष्ठ माओवादी अब संगठन छोड़ना चाहते हैं और सुरक्षा एजेंसियां उनसे सतत संपर्क में हैं। उन्होंने बताया था कि वर्ष 2024 और 2025 के 16 महीनों में अब तक 1400 से अधिक नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं।

ALSO READ : छत्तीसगढ़ की ताजा खबरे

ALSO READ : राज्यों की खबरें

See also  विश्व मंच पर भारत की संस्कृति, अर्थव्यवस्था और स्वाभिमान का उदय

ALSO READ : घुमक्कड़ी लेख 

ALSO READ : लोक संस्कृति लेख 

ALSO READ : धर्म एवं अध्यात्म लेख