राजनांदगाँव जैसा अमेठी का विकास बीस साल में करके दिखाएं : डॉ रमन सिंह ने दी चुनौती

भाजपा की विकास यात्रा का शुभारंभ आज दंतेवाड़ा से हुआ, यह विकास यात्रा एक महीना चलेगी। डॉ.सिंह ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह के साथ माँ दंतेश्वरी की पूजा अर्चना करने के बाद एक बड़ी जनसभा को दंतेवाड़ा एवं देर शाम जगदलपुर में सम्बोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला।

जनसभा को दंतेवाड़ा एवं देर शाम जगदलपुर में सम्बोधित करते हुए मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेसी विकास को ढूढने का दिखावा कर सस्ती राजनीति कर रहे है, उनकी सरकार आने के बाद राज्य में क्या बदलाव हुआ है यह केवल कांग्रेसियों को नही दिखाई पड़ रहा है.

डॉ रमन सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को सीधे चुनौती देते हुए कहा कि अमेठी लोकसभा सीट पर कई दशकों से उनके परिवार का कब्जा है जितना विकास उन्होंने राजनांदगांव का पिछले 15 वर्षों में किया है वह 20 वर्षों में करके दिखाए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज्य प्रभारी पुनिया एवं राज्य के कांग्रेसियों को अमेठी का विकास पहले देखकर आना चाहिए फिर उसकी तुलना राजनांदगांव से करना चाहिए.

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने 15 वर्षों में राज्य की तस्वीर बदल दी है और विकास यात्रा के दौरान ही वह लगभग 30 हजार करोड़ रूपए के विकास कार्यों की लोगों को सौगात देने निकले है, इससे कांग्रेसी हैरान और निराश है. उन्होंने कांग्रेस को विकास का विरोधी करार देते हुए कहा कि विरोध करना है तो उनका करिए लेकिन विकास का नहीं

 

कांग्रेस की विकास खोज पर पलटवार करते हुए डॉ.सिंह ने कहा कि गरीबी हटाओ के नारा के साथ कांग्रेसी 50-60 साल तक दुकानदारी कर खुद अमीर होते रहे.उन्होने कहा कि आदिवासी भाईयों के कारण ही आज तक मैं मुख्यमंत्री हूँ और डॉ. रमन जब तक मुख्यमंत्री रहेंगें जनता के लिए चावल, नमक व चना योजना चलती रहेगी.

मुख्य अतिथि केन्द्रीय गृहमंत्री सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के समय छोटे राज्यों को विकास की दौड़ में पिछड़ जाने के अंदेशे जताये जा रहे थे लेकिन छत्तीसगढ़ की जनता ने इसे गलत साबित किया.उन्होंने कहा कि मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूँ कि छत्तीसगढ़ की जनता में विकास व सरकार के कार्यो की समझ है. यही कारण है कि राज्य में भाजपा लगातार सरकार बनाने में कामयाब हो रही है और चौथी बार भी निश्चित तौर पर भाजपा ही सरकार बनायेगी.

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज रात प्रदेश व्यापी विकास यात्रा के प्रथमदिवस पर जिला मुख्यालय जगदलपुर (बस्तर) में आयोजित विशाल जनसभा में ग्यारह हजार से ज्यादा हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत तीन करोड़ 62 लाख रूपए की सामग्री और अनुदान राशि के चेक वितरित किए।

उन्होंने लैपटॉप पर इंटरनेट के जरिए जिले के 18 हजार 606 किसानों को 27 करोड़ 02 लाख रूपए के धान बोनस का भी वितरण किया। डॉ. सिंह ने बोनस की यह राशि लैपटॉप पर क्लिक करते हुए उनके बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी।

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि प्रदेशव्यापी विकास यात्रा के साथ ही राज्य में 12 लाख 60 हजार परिवारों को आबादी पट्टों का वितरण भी शुरू हो गया है। उन्होंने कहा – विकास यात्रा के दौरान 12 लाख से ज्यादा किसानों को 1700 करोड़ रूपए का धान बोनस, 12 लाख 50 हजार तेन्दूपत्ता संग्राहकों को 700 करोड़ रूपए का बोनस और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 12 लाख परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन देने का काम भी शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जगदलपुर के पास नगरनार में राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) का इस्पात संयंत्र तैयार हो गया है। बहुत जल्द प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के हाथों इसका लोकार्पण करवाया जाएगा।

डॉ. सिंह ने प्रदेशव्यापी विकास यात्रा के प्रथम दिवस पर आज रात बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर में आयोजित विशाल जनसभा में यह जानकारी दी। उन्होंने इस अवसर पर बस्तर जिले की जनता को 159 करोड़ रूपए से ज्यादा के निर्माण कार्यों की सौगात दी।

डॉ. सिंह ने इनमें से 35 करोड़ 73 लाख रूपए के 55 पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का लोकार्पण और 123 करोड़ 55 लाख रूपए के 57 नये स्वीकृत कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इसके अलावा उन्होंने राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की हितग्राही मूलक योजना के तहत ग्यारह हजार से ज्यादा हितग्राहियों को तीन करोड़ 62 लाख रूपए से ज्यादा की सामग्री और अनुदान राशि के चेक आदि का भी वितरण किया।

इस अवसर पर स्कूल शिक्षा और आदिम जाति विकास मंत्री श्री केदार कश्यप, उच्च शिक्षा और राजस्व मंत्री श्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय, बस्तर के लोकसभा सांसद श्री दिनेश कश्यप, जगदलपुर के विधायक श्री संतोष बाफना,  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, प्रदेश प्रभारी अनिल जैन, राष्ट्रीय सह संगठन प्रभारी सौदान सिंह, अपेक्स बैंक के अध्यक्ष अशोक बजाज सहित अनेक कार्यकर्ता सम्मिलित थे।