छत्तीसगढfuturedताजा खबरें

जनजातीय युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बनाना लक्ष्य: केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम

केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओराम ने कहा है कि देश के जनजातीय समुदायों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए उद्यमिता को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम (NSTFDC) केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को ऐसा सक्षम बना रहा है कि वे खुद रोजगार सृजित कर दूसरों को भी काम दे सकें।

नई दिल्ली में आयोजित NSTFDC के 25वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने निगम की भूमिका की सराहना की और इसे जनजातीय उद्यमिता को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया।

बिना गारंटी ऋण से बढ़ रहा आत्मविश्वास

जुएल ओराम ने कहा कि निगम का सबसे बड़ा उद्देश्य जनजातीय वर्ग तक आसान वित्तीय सहायता पहुंचाना है। इसी सोच के तहत बिना किसी गारंटी के ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे दूरदराज क्षेत्रों के लाभार्थियों को भी व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिल रहा है।

यह भी पढ़ें  अक्षय तृतीया का धार्मिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक महत्व : भगवान परशुराम अवतरण दिवस

उन्होंने जानकारी दी कि अब तक देशभर में 16 लाख से अधिक लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जा चुका है, जबकि कुल वितरित राशि 4,000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई है।

छत्तीसगढ़ के लाभार्थियों का सम्मान

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ से चयनित लाभार्थियों का भी विशेष सम्मान किया गया। बेमेतरा जिले के ग्राम कुआं निवासी किशन ध्रुव, जिन्होंने किराना व्यवसाय शुरू किया, और ग्राम गातापार के धनराज ठाकुर, जो फोटो स्टूडियो व्यवसाय चला रहे हैं, को मंच पर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के प्रतिनिधि एवं कार्यपालन अधिकारी प्रवीण कुमार लाटा का भी स्वागत किया गया। मंत्री ने सभी लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर उनके प्रयासों की सराहना की।

नई दिल्ली में हुआ आयोजन

NSTFDC का 25वां स्थापना दिवस नई दिल्ली के विश्व युवा केंद्र में आयोजित किया गया। समारोह में जनजातीय कार्य मंत्रालय की सचिव रंजना चोपड़ा, संयुक्त सचिव अनंत प्रकाश पांडे, निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक टी. रौमुआन पाइते, मध्य क्षेत्र प्रमुख विकास रंजन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न राज्यों की एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें  छत्तीसगढ़ में 515 नई पैक्स समितियों की शुरुआत, किसानों को गांव के पास मिलेंगी सुविधाएं

मंत्री ने कहा कि ऐसे प्रयासों से जनजातीय समाज में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।