मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की मुलाकात
रायपुर, 17 जनवरी 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में रायपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी पदाधिकारियों को हाल ही में सम्पन्न निर्वाचन में मिली सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि एक सशक्त, सजग और जिम्मेदार मीडिया ही स्वस्थ लोकतंत्र की आधारशिला होती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि रायपुर प्रेस क्लब भविष्य में भी जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता, संवेदनशीलता और तथ्यपरक दृष्टिकोण के साथ समाज के सामने रखेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया शासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करती है। सरकार की योजनाओं, नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की सही जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका सराहनीय है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सकारात्मक पत्रकारिता समाज में जागरूकता, पारदर्शिता और विश्वास को मजबूत करती है।
प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि रायपुर प्रेस क्लब पत्रकारिता के मूल्यों, नैतिकता और सामाजिक दायित्वों के अनुरूप कार्य करता रहेगा तथा जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने के साथ-साथ रचनात्मक संवाद को भी बढ़ावा देगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, उपाध्यक्ष दिलीप कुमार साहू, महासचिव गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े उपस्थित थे।
