futuredखेत-खलिहान

रायपुर में 29 मई से लगेगी आमों की बहार, राष्ट्रीय आम महोत्सव में दिखेंगी 250 से अधिक देशी-विदेशी किस्में

रायपुर 28 मई।  इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में 29 से 31 मई 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर, संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी, छत्तीसगढ़ शासन तथा प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में आम की 250 से अधिक देशी एवं विदेशी किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

कृषि महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन 29 मई को शाम 4 बजे राज्यपाल Ramen Deka करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai करेंगे। कृषि मंत्री Ramvichar Netam तथा रायपुर सांसद Brijmohan Agrawal अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, विधायक अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर, छत्तीसगढ़ राज्य कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी तथा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल भी शामिल होंगे। महोत्सव में आम की उन्नत किस्मों के पौधे और फल आमजनों के लिए विक्रय हेतु उपलब्ध रहेंगे।

यह भी पढ़ें  विश्वव्यापी अस्थिरता और भारत का आत्मसंयम

250 से अधिक किस्मों की प्रदर्शनी

राष्ट्रीय आम महोत्सव में दशहरी, लंगड़ा, बाम्बे ग्रीन, चौसा, मालदा, हिमसागर, केसर, अलफांसो, तोतापरी, नीलम, पैरी, सिंदूरी और फजली सहित व्यावसायिक किस्मों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अलावा मल्लिका, आम्रपाली, पूसा अरुणिमा, अम्बिका, रत्ना, सिंधु तथा अर्का पुनीत जैसी संकर किस्मों को भी शामिल किया गया है।

विशिष्ट श्रेणी में हाथीझुल, नूरजहां, लड्डू और गुलाब खास जैसी दुर्लभ किस्मों को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं विदेशी श्रेणी में मियाजाकी, टॉमी एटकिंस और गोल्डन नगेट्स जैसी आयातित किस्में आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

आम पर आधारित प्रतियोगिताओं की धूम

महोत्सव में देशभर के आम उत्पादक किसान अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। आम से बने व्यंजनों की प्रतियोगिता, आम सजावट प्रतियोगिता, मैंगो क्विज, फैंसी ड्रेस और आम आधारित मॉडल एवं बोनसाई प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा। विद्यालय और महाविद्यालय के विद्यार्थी, महिलाएं तथा आमजन इसमें भाग ले सकेंगे।

प्रतिभागी आम से बने नेक्टर, शर्बत, पना, अचार, चटनी, आम पापड़, आमरस, जैम और मिठाइयों के साथ प्रतियोगिता में शामिल हो सकेंगे। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।

यह भी पढ़ें  कालापानी का वह अमर तपस्वी : वीर सावरकर

प्रकृति की ओर सोसायटी की ओर से 11 आम की गुठलियां लाने वाले लोगों को उन्नत किस्म के आम का पौधा उपहार स्वरूप दिया जाएगा। प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा राय आम से बनने वाले विशेष व्यंजन तैयार करना भी सिखाएंगी।

तकनीकी सत्र और किसानों को मार्गदर्शन

महोत्सव के दूसरे दिन 30 मई को “आम उत्पादन समस्या एवं समाधान” विषय पर तकनीकी सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें आम उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और शासन की योजनाओं की जानकारी विशेषज्ञों द्वारा दी जाएगी। तीसरे दिन सफल आम उत्पादक किसान और उद्यमी अपने अनुभव साझा करेंगे।

आयोजकों के अनुसार इस महोत्सव का उद्देश्य आम की विविध किस्मों, प्रसंस्कृत उत्पादों तथा रोजगार की संभावनाओं से नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और किसानों को जोड़ना है। आयोजन में पंजीयन और प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।