सक्ति के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदना, मृतकों के परिजनों को 5 लाख सहायता
रायपुर, 14 अप्रैल 2026/ सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुई दुर्घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। उन्होंने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5–5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। इसके साथ ही हादसे में घायल श्रमिकों को 50–50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि उन्हें तत्काल राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी घायलों के समुचित एवं निःशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए स्पष्ट किया कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कमिश्नर बिलासपुर को जांच के आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना के लिए जो भी जिम्मेदार पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरे मामले पर लगातार निगरानी बनाए हुए है और राहत व पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
