रायपुर में ट्रैफिक जाम से राहत के लिए नई पहल, हेल्पलाइन और गूगल मैप से होगी निगरानी
शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने नई व्यवस्था लागू की है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, जिसके जरिए आम लोग अब जाम की जानकारी सीधे पुलिस तक पहुंचा सकेंगे।
यातायात विभाग ने 9479210632 नंबर जारी किया है, जिस पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से किसी भी इलाके में लगे जाम की सूचना दी जा सकती है। पुलिस के मुताबिक, जैसे ही सूचना मिलेगी, कंट्रोल रूम तुरंत नजदीकी पेट्रोलिंग टीम को अलर्ट करेगा, जो मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु करने की कार्रवाई करेगी।
तकनीक का सहारा, रियल टाइम मॉनिटरिंग
यातायात पुलिस अब तकनीकी साधनों का भी सहारा ले रही है। शहर की सड़कों पर नजर रखने के लिए गूगल मैप का उपयोग किया जाएगा। इससे ट्रैफिक की स्थिति का रियल टाइम आकलन किया जा सकेगा और जहां भी दबाव या जाम नजर आएगा, वहां तुरंत टीम भेजी जाएगी।
गूगल मैप के रंगों से समझें ट्रैफिक की स्थिति
हरा: यातायात सामान्य
पीला: मध्यम गति
लाल: धीमा या रुका हुआ ट्रैफिक
मेहरून: पूरी तरह जाम
नागरिकों से सहयोग की अपील
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जाम की स्थिति में हेल्पलाइन का अधिक से अधिक उपयोग करें और गूगल मैप के जरिए वैकल्पिक मार्ग अपनाएं। इससे न केवल व्यक्तिगत समय की बचत होगी, बल्कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।
पुलिस का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य शहरवासियों को जाम से राहत देना और यातायात को अधिक सुरक्षित व सुगम बनाना है।

