futuredछत्तीसगढताजा खबरें

रायपुर: 140 पूर्व नक्सलियों ने मुख्यमंत्री से मिलकर मुख्यधारा में लौटने का जताया विश्वास

छत्तीसगढ़ में शांति और विकास की दिशा में एक सकारात्मक संकेत सामने आया है। बीजापुर और कांकेर जिलों से आए 140 पूर्व नक्सलियों ने विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर समाज की मुख्यधारा में लौटने पर संतोष और खुशी व्यक्त की।

मुख्यमंत्री साय ने सभी से आत्मसमर्पण से पहले और बाद के जीवन में आए बदलावों पर विस्तार से बातचीत की। इस दौरान पूर्व नक्सलियों ने बताया कि पहले उनका जीवन असुरक्षा और डर के माहौल में गुजरता था, जबकि अब वे परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी पा रहे हैं।

उन्होंने यह भी साझा किया कि उनके इलाकों में अब सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है, जिससे जीवन स्तर में सुधार आया है। कुछ लोगों ने भावुक होकर कहा कि इस बार उन्होंने पहली बार अपने परिवार के साथ होली जैसे त्योहार को शांति और खुशी के साथ मनाया।

See also  स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान अमूल्य राष्ट्रीय धरोहर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री ने इस पहल को न केवल व्यक्तिगत बदलाव, बल्कि राज्य के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि संविधान में विश्वास जताकर इन सभी ने समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है।

साय ने यह भी आश्वासन दिया कि राज्य सरकार आत्मसमर्पण करने वालों के पुनर्वास, रोजगार और सामाजिक पुनर्स्थापन के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश में नक्सलवाद अब अपने अंतिम चरण में है और इसे समाप्त करने के प्रयास जल्द ही सफल होंगे।

इस अवसर पर राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक भी मौजूद रहीं।