छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने के संकेत, कई जिलों में हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना
छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। इससे पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में बारिश की हल्की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। वहीं कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। मौसम में इस बदलाव के कारण आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
शनिवार को प्रदेश का मौसम अधिकांश स्थानों पर शुष्क रहा। इस दौरान सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर में रविवार को मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार एक द्रोणिका उत्तर-पूर्व उत्तर प्रदेश के मध्य भाग से दक्षिण आंतरिक ओडिशा तक छत्तीसगढ़ के ऊपर से होकर लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है। इसके अलावा मध्य क्षोभमंडल में करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर पड़ सकता है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना अधिक है, जबकि उत्तर में सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में भी बादल और हल्की वर्षा देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति में सावधानी बरतने की अपील की है।

