रायपुर में टीजेएसबी सहकारी बैंक शाखा का शुभारंभ, सहकारी गतिविधियों को मिलेगी नई गति
रायपुर, 13 मार्च 2026। राजधानी रायपुर के कटोरा तालाब क्षेत्र में टीजेएसबी सहकारी बैंक की नई शाखा का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शाखा का उद्घाटन करते हुए कहा कि रायपुर में बैंक की नई शाखा खुलने से प्रदेश की सहकारी गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सहकारिता की भावना हमें मिलजुलकर आगे बढ़ने और एक-दूसरे को मजबूत बनाने की प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री ने शाखा परिसर में 24 घंटे संचालित एटीएम का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. केशव राव बलिराम हेडगेवार के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारी बैंक हमेशा आम आदमी के भरोसेमंद साथी रहे हैं। नई शाखा के खुलने से जरूरतमंदों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं मिलेंगी। छोटे दुकानदारों, स्वरोजगार करने वालों और अपना काम शुरू करने वाले युवाओं को इससे विशेष लाभ होगा। इससे स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “सहकार से समृद्धि” के विजन को देशभर में गति मिल रही है और छत्तीसगढ़ में भी इसे तेजी से लागू किया जा रहा है। राज्य सरकार सहकारिता के इस मॉडल को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टीजेएसबी बैंक ने छोटे प्रयास से अपनी यात्रा शुरू की थी और आज इसका विस्तार कई राज्यों तक हो चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि रायपुर शाखा भी सहकारिता की भावना को आगे बढ़ाते हुए लोगों के जीवन में आर्थिक समृद्धि के नए अवसर खोलेगी।
कार्यक्रम में टीजेएसबी बैंक के अध्यक्ष शरद गांगल, उपाध्यक्ष वैभव सिंगवी, व्यवस्थापकीय संचालक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी निखिल आरेकर सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
