futuredछत्तीसगढताजा खबरें

कोरबा में जंगली हाथी का हमला, धान खरीदी केंद्र प्रभारी की मौत

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गुरुवार तड़के एक जंगली हाथी के हमले में धान खरीदी केंद्र के प्रभारी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना करतला थाना क्षेत्र के कुदमुरा गांव की है, जहां इन दिनों हाथियों की आवाजाही बनी हुई है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, रात करीब दो बजे एक जंगली दंतैल हाथी खरीदी केंद्र परिसर में घुस आया। उस समय केंद्र प्रभारी राजेश कुमार सिंह अपनी पत्नी पिंकी देवी और कुछ कर्मचारियों के साथ अस्थायी झोपड़ी में ठहरे हुए थे।

धान की रखवाली कर रहे थे प्रभारी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी गई बड़ी मात्रा में धान परिवहन के अभाव में केंद्र में ही जमा थी। हाल के दिनों में धान चोरी की घटनाएं सामने आई थीं, जिसके चलते राजेश सिंह रात में वहीं रुककर निगरानी कर रहे थे।

राजेश सिंह, कोरकोमा स्थित आदिवासी सहकारी समिति में सेल्समैन थे और उन्हें कुदमुरा खरीदी केंद्र का प्रभारी बनाया गया था। वे प्रेमनगर राजगामार के निवासी थे।

See also  75% दिव्यांग महिला को राहत, पंजाब-हरियाणा उच्च न्यायालय ने पति की याचिका ट्रांसफर की

भगाने की कोशिश नाकाम

हाथी के परिसर में घुसते ही राजेश सिंह और अन्य लोगों ने टॉर्च की रोशनी और शोर मचाकर उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन प्रयास विफल रहा। उग्र हाथी ने हमला कर राजेश सिंह को पटक दिया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। अफरा-तफरी के बीच उनकी पत्नी और अन्य कर्मचारी किसी तरह जान बचाकर भाग निकले।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मुआवजे की प्रक्रिया शुरू

कुदमुरा वन परिक्षेत्र अधिकारी जी.एस. पैकरा ने बताया कि मृतक की पत्नी को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। शासन के नियमानुसार शेष 5 लाख 75 हजार रुपये का मुआवजा देने की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

वन विभाग ने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए सतर्क रहें और खेतों या खरीदी केंद्रों में अकेले जाने से बचें।

See also  श्रीलंका के पास ईरानी युद्धपोत पर संकट, अमेरिकी हमले के बाद बढ़ा समुद्री तनाव