futuredछत्तीसगढ

छत्तीसगढ़ में 5000 शिक्षक पदों पर भर्ती जल्द, व्यापम आयोजित करेगा परीक्षा

रायपुर, 19 फरवरी 2026। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता एवं सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के कुल 5000 से अधिक पदों पर भर्ती का विज्ञापन शीघ्र जारी किया जाएगा। शासन ने परीक्षा आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ व्यापम को अधिकृत किया है। विभाग द्वारा विज्ञापन जारी करने संबंधी सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर आवश्यक दस्तावेज व्यापम को उपलब्ध करा दिए गए हैं।

राज्य सरकार फरवरी 2026 से स्कूल शिक्षा विभाग में इन पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ करने जा रही है। चयन व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा के माध्यम से होगा। यह भर्ती राज्य के विभिन्न शासकीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के उद्देश्य से की जा रही है।

इस निर्णय से प्रदेश के हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। भर्ती में व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक और प्रयोगशाला सहायक जैसे विभिन्न पद शामिल किए गए हैं, जिससे अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश शीघ्र जारी किए जाएंगे।

See also  मुख्यमंत्री से मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, महाअधिवेशन का दिया निमंत्रण

उल्लेखनीय है कि शिक्षक सीधी भर्ती 2023 के अंतर्गत सहायक शिक्षक पद के पांचवें चरण की प्रक्रिया में माननीय न्यायालय के निर्देशानुसार सेवा समाप्त किए गए 2621 बी.एड. अर्हताधारियों के स्थान पर डी.एड. अर्हताधारी अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर प्रदान किया गया है।