futuredछत्तीसगढताजा खबरें

अरपा महोत्सव में जीपीएम को विकास की बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री ने की कई अहम घोषणाएं

अरपा महोत्सव एवं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के छठवें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जिले को करीब 100 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने कहा कि जीपीएम जिले के संतुलित और समन्वित विकास को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा गया है और इसके लिए लगातार ठोस कदम उठाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जिले को मुख्यमंत्री बस सेवा योजना में शामिल करने सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 300 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद भी प्रदान किया गया।

अरपा महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन से जिले के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि पेंड्रारोड से अमरकंटक तक 19 किलोमीटर सड़क निर्माण से आवागमन सुगम होगा, वहीं केवची मार्ग के निर्माण से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

See also  देश होगा 31 मार्च 2026 से पहले नक्सल-मुक्त: रायपुर में गृह मंत्री अमित शाह

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशभर में एक ही दिन में 6,414 जोड़ों का विवाह संपन्न होना अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को बेटियों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक प्रभावी पहल बताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत मरवाही में उच्च विश्राम गृह के निर्माण, जिला मुख्यालय में भव्य ऑडिटोरियम के निर्माण, समदलई पर्यटन स्थल में स्टॉप डैम निर्माण और जीपीएम जिले को मुख्यमंत्री बस सेवा योजना से जोड़ने की घोषणा की। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री और चेक वितरित किए गए, जबकि स्वामित्व योजना के तहत 435 किसानों को पट्टे प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े स्टॉलों का अवलोकन किया। साथ ही जिले के विकास कार्यों पर आधारित बुकलेट का विमोचन किया गया। समारोह के दौरान जिले की पर्यटन संभावनाओं और बीते दो वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित वीडियो फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

See also  आबकारी भवन में आग, ऑडिट से पहले रिकॉर्ड रूम को भारी नुकसान

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची, श्री अटल श्रीवास्तव, श्री अनुज शर्मा, श्री मोतीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती समीरा पैकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।