futuredछत्तीसगढताजा खबरें

आबकारी भवन में आग, ऑडिट से पहले रिकॉर्ड रूम को भारी नुकसान

राजधानी रायपुर के लाभांडी क्षेत्र में स्थित आबकारी भवन में शनिवार देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग भवन की तीसरी मंजिल पर भड़की, जहां आबकारी निगम का एक महत्वपूर्ण कार्यालय संचालित होता है। इस घटना में विभाग से जुड़ी कई जरूरी फाइलें और रिकॉर्ड जलकर नष्ट हो गए।

सूत्रों के अनुसार, जिस हिस्से में आग लगी, वहीं से सोमवार को निगम के आय-व्यय से संबंधित ऑडिट की प्रक्रिया शुरू होने वाली थी। दिनभर ऑडिट की तैयारियों के चलते अधिकारियों और कर्मचारियों की आवाजाही बनी रही, लेकिन रात में कार्यालय बंद होने के कुछ देर बाद ही आग लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की शुरुआत तीसरी मंजिल पर स्थित ऑडिट से जुड़े कक्ष में हुई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग रिकॉर्ड रूम को गंभीर नुकसान पहुंचा चुकी थी। कई महत्वपूर्ण दस्तावेज पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।

See also  भारत–यूरोपीय यूनियन मुक्त व्यापार समझौता: साझा समृद्धि की ओर ऐतिहासिक कदम

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। रविवार सुबह पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस घटना ने विभागीय सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, विशेषकर उस समय जब महत्वपूर्ण ऑडिट की प्रक्रिया शुरू होने वाली थी।