तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया स्वागत
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह शनिवार को तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर राजधानी रायपुर पहुंचे। उनके आगमन पर स्वामी विवेकानंद विमानतल पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर स्वागत समारोह के दौरान केंद्र और राज्य सरकार के कई प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद श्री संतोष पांडेय और श्री बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित थे।
इसके अलावा रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, विधायक श्री मोतीलाल साहू और श्री राजेश मूणत ने भी केंद्रीय गृह मंत्री का अभिनंदन किया। प्रशासनिक स्तर पर मुख्य सचिव श्री विकास शील, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, अपर मुख्य सचिव (गृह) श्री मनोज पिंगुआ तथा रायपुर पुलिस कमिश्नर श्री संजीव शुक्ला ने उनका स्वागत किया।
तीन दिवसीय प्रवास के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राज्य में विभिन्न बैठकों और कार्यक्रमों में शामिल होने की संभावना है, जिनमें आंतरिक सुरक्षा, सहकारिता और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा प्रमुख रहेगी।

