DGCA से बिलासपुर एयरपोर्ट को ऑल वेदर ऑपरेशन की मंजूरी, मुख्यमंत्री ने बताया दूरगामी विकासात्मक कदम
रायपुर, 6 फरवरी 2026/ भारत सरकार के नागर विमानन महानिदेशालय DGCA द्वारा बिलासपुर एयरपोर्ट को 3C-VFR श्रेणी से उन्नत कर 3C-All Weather Operations (IFR) श्रेणी में शामिल किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस निर्णय से अब बिलासपुर एयरपोर्ट पर सभी मौसम परिस्थितियों में विमान संचालन संभव हो सकेगा।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरगामी कदम बताया। उन्होंने कहा कि ऑल वेदर ऑपरेशन की सुविधा मिलने से क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और यात्रियों को अधिक सुरक्षित, भरोसेमंद और सुविधाजनक सेवाएँ उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उन्नयन से बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, उद्योग और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। बेहतर हवाई संपर्क से औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू के प्रति प्रदेश की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से छत्तीसगढ़ में आधुनिक बुनियादी ढाँचे का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे राज्य विकास के नए आयाम छू रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि न केवल बिलासपुर एयरपोर्ट बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास की नई दिशा प्रदान करेगी और प्रदेश को राष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करेगी।
