मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर साहित्य उत्सव की वेबसाइट का किया लोकार्पण, 23 से 25 जनवरी तक होगा आयोजन
रायपुर, 1 जनवरी 2026/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में रायपुर साहित्य उत्सव की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, कौशल विकास मंत्री खुशवंत साहेब तथा छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन 23 से 25 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। इस साहित्य उत्सव में देशभर के प्रख्यात साहित्यकारों, लेखकों, कवियों, पत्रकारों, समीक्षकों और पाठकों की व्यापक सहभागिता रहेगी। तीन दिवसीय आयोजन के दौरान साहित्य, संस्कृति, सृजनात्मक लेखन, प्रकाशन जगत, युवा साहित्य और नई पीढ़ी के रचनाकारों से जुड़े विषयों पर विविध सत्र आयोजित किए जाएंगे।
वेबसाइट लोकार्पण के अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रायपुर साहित्य उत्सव छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊँचाई प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह उत्सव लेखकों और पाठकों के बीच संवाद को मजबूत करने का सशक्त मंच बनेगा तथा युवा पीढ़ी में पढ़ने और लिखने की रुचि को प्रोत्साहित करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती लोकसाहित्य, लोककथाओं और समृद्ध मौखिक परंपराओं की धनी रही है। ऐसे में रायपुर साहित्य उत्सव राज्य की इस सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह आयोजन साहित्यिक विमर्श को नई दिशा देगा और छत्तीसगढ़ को साहित्यिक मानचित्र पर एक विशिष्ट पहचान दिलाएगा।
