मुख्यमंत्री साय ने विशेष सत्र में पूर्व विधायकों को दी श्रद्धांजलि राज्य की रजत यात्रा में योगदान देने वाले जनप्रतिनिधियों को किया याद
छत्तीसगढ़ विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राज्य की 25 वर्षीय यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले तीन दिवंगत जनप्रतिनिधियों—श्रीमती रजनी ताई उपासने, श्री बनवारी लाल अग्रवाल और श्री राधेश्याम शुक्ल—का भावपूर्ण स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने न केवल राजनीति बल्कि सामाजिक जीवन में भी एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व थीं। उनके निधन को प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए श्री साय ने कहा कि उनकी सादगी, जनसेवा और दृढ़ संकल्प आने वाली पीढ़ियों को दिशा प्रदान करते रहेंगे।
श्री बनवारी लाल अग्रवाल को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे दो बार विधायक और विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाओं के लिए हमेशा स्मरण किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अग्रवाल की संगठन क्षमता और समाज के प्रति उनकी निष्ठा सभी के लिए अनुकरणीय है।
मुख्यमंत्री ने श्री राधेश्याम शुक्ल के अनुशासन और कर्मठता की विशेष चर्चा करते हुए कहा कि वे एक ऐसे जनप्रतिनिधि थे जिनका सम्पूर्ण जीवन जनता की सेवा और प्रदेश के विकास को समर्पित रहा। उनके निधन से राज्य ने एक प्रतिबद्ध और ईमानदार नेता को खो दिया है।
मुख्यमंत्री साय ने तीनों दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि उनकी आत्मा को शांति मिले और उनके परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति एवं धैर्य प्राप्त हो।

