तीन साल बाद खैरागढ़ महोत्सव लौट रहा है, संगीत और संस्कृति की झलक दिखाएगा नगर
खैरागढ़। तीन वर्षों के अंतराल के बाद एशिया के पहले संगीत विश्वविद्यालय इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में खैरागढ़ महोत्सव 19 से 21 नवंबर तक आयोजित होगा। यह तीन दिवसीय महोत्सव नगर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा।
इस वर्ष महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अमेरिका, ब्रिटेन सहित कई देशों के कलाकारों के अलावा देशभर के नामचीन कलाकार भी प्रस्तुति देंगे। शास्त्रीय संगीत, नृत्य और साहित्य के मंच पर वृंदावन, दिल्ली, मुंबई आदि शहरों के कलाकार अपनी कला दिखाएंगे। कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा भी मंच पर प्रदर्शन करेंगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उद्घाटन करेंगे, जबकि समापन समारोह की गरिमा राज्यपाल रमेन डेका बढ़ाएंगे। विधानसभा अध्यक्ष, उच्च शिक्षा मंत्री, उपमुख्यमंत्री और सांसद भी इस आयोजन में शामिल होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मंच, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और अतिथि सत्कार की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
तीन साल बाद लौट रहे यह महोत्सव सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि संगीत नगरी की गौरवशाली विरासत का पुनर्जीवन है।

