futuredछत्तीसगढ

छत्तीसगढ़ माइनिंग कॉन्क्लेव 2025 में खनन क्षेत्र को नई दिशा, मुख्यमंत्री ने लॉन्च किए खनिज ऑनलाइन 2.0 और डीएमएफ पोर्टल 2.0

रायपुर, 5 अक्टूबर 2025। छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है, जहाँ लौह अयस्क, कोयला, बॉक्साइट, सोना, हीरा और कॉपर जैसे बहुमूल्य खनिज प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। हाल की खोजों से राज्य क्रिटिकल और दुर्लभ खनिजों के क्षेत्र में और सशक्त हुआ है। नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ माइनिंग कॉन्क्लेव 2025 को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि खनिजों का विवेकपूर्ण उपयोग और उद्योगों का संतुलित विकास देश की प्रगति की आधारशिला है।

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में आईएसएम धनबाद, छत्तीसगढ़ भौमिकी एवं खनन संचालनालय, कोल इंडिया और छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के मध्य महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। इस अवसर पर पाँच माइनिंग ब्लॉकों की निविदा जारी की गई और नौ खदानों को प्रिफर्ड बिडर आदेश प्रदान किए गए। साथ ही मुख्यमंत्री ने खनिज ऑनलाइन 2.0, डीएमएफ पोर्टल तथा रेत खदानों की ऑनलाइन नीलामी हेतु रिवर्स ऑक्शन पोर्टल का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पारदर्शी खनन नीति, ई-नीलामी और डिजिटल निगरानी की व्यवस्था से राज्य में खनन क्षेत्र को नई दिशा मिली है। इस वर्ष डीएमएफ से 1,673 करोड़ रुपये का अंशदान प्राप्त हुआ, जिससे 9,362 विकास कार्य स्वीकृत किए गए। वर्ष 2024-25 में राज्य को 14,195 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड राजस्व प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है जिसने लिथियम ब्लॉक की नीलामी की है। अब तक 60 खनिज ब्लॉकों की नीलामी पूरी हो चुकी है और पाँच नए ब्लॉकों की निविदा जारी की गई है।

See also  जनजातीय संस्कृति और स्वत्व के प्रहरी कार्तिक उरांव

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के अंतर्गत जिला खनिज न्यास नियम-2025 लागू किए गए हैं। डीएमएफ पोर्टल 2.0 से निगरानी और प्रबंधन की प्रक्रिया सुदृढ़ हुई है, जिसके लिए भारत सरकार ने छत्तीसगढ़ को सम्मानित किया है। उन्होंने नई रेत नीति-2025 को पारदर्शिता और सुशासन की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

उन्होंने कहा कि क्रिटिकल मिनरल्स माइनिंग कॉर्पोरेशन और कोल इंडिया लिमिटेड के बीच एमओयू से राज्य को नई ऊर्जा मिलेगी। क्लीन एनर्जी क्षेत्र में निवेश बढ़ाने हेतु आईआईटी रुड़की और आईएसएम धनबाद के साथ भी समझौते किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि वैज्ञानिक और सतत खनन के माध्यम से छत्तीसगढ़ विकास और पारदर्शिता की नई कहानी लिखेगा तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

राज्य में खनन और रोजगार दोनों बढ़े : सौरभ सिंह

छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार माइनिंग क्षेत्र में उल्लेखनीय और नवाचारी कार्य कर रही है। खनन से न केवल राजस्व बढ़ा है, बल्कि रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि हुई है। सरकार युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देकर कुशल मानव संसाधन तैयार कर रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य में टिन से निकलने वाले स्लज से दो नए तत्वों का उत्पादन शुरू हुआ है और क्रिटिकल ओअर रिसाइक्लिंग तथा ई-वेस्ट मैनेजमेंट पर कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में 28 प्रकार के खनिजों का खनन होता है, जिनमें टिन, बॉक्साइट, कोयला, लाइमस्टोन और आयरन ओर प्रमुख हैं।

See also  बाबा कार्तिक उरांव की जन्म शताब्दी पर अंबिकापुर में भूमि पूजन, चौक निर्माण हेतु 40.79 लाख की घोषणा

मुख्य सचिव विकासशील ने सराहा माइनिंग कॉन्क्लेव

मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि नौ वर्ष बाद माइनिंग कॉन्क्लेव का पुनः आयोजन सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि स्टेकहोल्डर्स के सुझावों को नीति निर्माण में शामिल करना और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने पारदर्शिता, तकनीकी उपयोग, जल संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, सौर ऊर्जा और ई-वेस्ट रिसाइक्लिंग को भविष्य की आवश्यकता बताते हुए राज्य की नई उद्योग नीति की सराहना की।

खनिज विभाग की तकनीकी प्रगति

खनिज विभाग के सचिव पी. दयानंद ने कॉन्क्लेव में प्रदेश में खनिज उपलब्धता, पारदर्शी नीलामी प्रणाली और नवीन तकनीकों के उपयोग पर विस्तृत जानकारी दी।
संचालक भौमिकी एवं खनिज साधन रजत बंसल ने भी अपने विचार साझा किए।

डीएमएफ पोर्टल 2.0 और खनिज ऑनलाइन 2.0 का शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने डीएमएफ पोर्टल 2.0 का विमोचन करते हुए कहा कि यह पोर्टल प्रभावित क्षेत्रों में खनिज न्यास निधि के कुशल उपयोग, प्रबंधन और पारदर्शिता को नई मजबूती देगा। खनिज ऑनलाइन पोर्टल 2.0 राज्य की जिम्मेदारी और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है तथा यह पूरे देश के लिए एक मॉडल प्रणाली सिद्ध होगा।

See also  बस्तर में पुनर्वास की रोशनी से मिट रहा भय का अंधकार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रेत खदानों के रिवर्स ऑक्शन पोर्टल और स्टार अवॉर्ड वितरण

मुख्यमंत्री ने एमएसटीसी द्वारा निर्मित रेत खदानों के रिवर्स ऑक्शन पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पहल से रेत खदानों का आबंटन पारदर्शी ढंग से होगा और राज्य की परियोजनाओं के लिए रेत की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
मुख्यमंत्री ने गौण खनिज खदानों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 43 खदानों को स्टार अवॉर्ड से सम्मानित किया — जिनमें 3 खदानों को 5 स्टार, 32 को 4 स्टार और 8 को 3 स्टार अवॉर्ड प्रदान किए गए।