छत्तीसगढ़ के सात नगरीय निकायों को स्वच्छता में राष्ट्रीय सम्मान, राष्ट्रपति 17 जुलाई को करेंगी पुरस्कृत
रायपुर, 12 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के अंतर्गत राज्य के सात नगरीय निकायों का चयन राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए हुआ है। आगामी 17 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में इन नगरीय निकायों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों सम्मानित किया जाएगा।
इस प्रतिष्ठित समारोह में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त करने वाले निकाय:
-
बिलासपुर नगर निगम (3 लाख से 10 लाख आबादी वर्ग)
-
कुम्हारी नगर पालिका (20 हजार से 50 हजार आबादी वर्ग)
-
बिल्हा नगर पंचायत (20 हजार से कम आबादी वर्ग)
तीनों को प्रेसिडेंट्स अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
रायपुर को मिनिस्ट्रियल अवार्ड
रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा मिनिस्ट्रियल अवार्ड प्रदान किया जाएगा।
सुपर स्वच्छता लीग (SSL) में भी छत्तीसगढ़ का दबदबा
इस वर्ष शुरू की गई विशेष श्रेणी सुपर स्वच्छता लीग (SSL) में छत्तीसगढ़ के तीन और नगरीय निकायों को स्थान मिला है:
-
अंबिकापुर नगर निगम (50 हजार से 3 लाख आबादी वर्ग)
-
पाटन नगर पंचायत
-
बिश्रामपुर नगर पंचायत
इन शहरों ने विगत तीन वर्षों में कम से कम एक बार देश की शीर्ष तीन रैंकिंग में स्थान प्राप्त किया है और इस वर्ष भी अपनी श्रेणी के शीर्ष 200 में बने हुए हैं।
मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री की बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इन सातों निकायों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के नगरीय प्रशासन, स्थानीय निकायों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य में शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधा-सम्पन्न बनाने हेतु अनेक नवाचारों के साथ लगातार कार्य किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ के सात नगरीय निकायों का स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। यह हमारे नगरीय प्रशासन, स्थानीय निकायों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है। बिलासपुर, कुम्हारी, बिल्हा, रायपुर, अंबिकापुर, पाटन और बिश्रामपुर जैसे शहरों ने स्वच्छता के क्षेत्र में जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह अन्य निकायों के लिए भी प्रेरणा बनेगा। मैं सभी विजेता नगरीय निकायों को बधाई देता हूँ और विश्वास जताता हूं कि छत्तीसगढ़ स्वच्छता के इस अभियान में देश का अग्रणी राज्य बना रहेगा।
– मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि भविष्य में छत्तीसगढ़ के और भी अधिक नगरीय निकाय राष्ट्रीय मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे और स्वच्छता अभियान को और अधिक व्यापक बनाएंगे। उन्होंने बिलासपुर, कुम्हारी, बिल्हा, रायपुर, अंबिकापुर, पाटन और बिश्रामपुर जैसे शहरों के प्रयासों को पूरे राज्य के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के लिए न केवल गौरव का विषय है, बल्कि यह दर्शाती है कि स्वच्छता जन-आंदोलन बन चुका है और राज्य इस दिशा में देश का अग्रणी राज्य बनने की ओर तेजी से अग्रसर है।