futuredछत्तीसगढ

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अघोर गुरु पीठ, बनोरा में किए गुरु दर्शन

रायपुर, 10 जुलाई 2025/ गुरु पूर्णिमा, जो भारतीय संस्कृति में गुरु–शिष्य परंपरा की सर्वोच्च अभिव्यक्ति है, इस शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायगढ़ जिले के ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचकर गुरु दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने अघोर परंपरा के पूज्य संत अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के समक्ष शीश नवाकर प्रदेशवासियों के लिए सुख, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने गुरु पीठ आश्रम के उपासना स्थल पर पूज्य अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा का दर्शन कर अपनी आस्था प्रकट की और अघोर मार्ग के आध्यात्मिक प्रभाव को नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने अवधूत भगवान राम जी के प्रिय शिष्य प्रियदर्शी भगवान राम जी से भी भेंट कर उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि गुरु परंपरा भारतीय जीवन दर्शन का मूल आधार है, और गुरु के बिना आत्मज्ञान की प्राप्ति असंभव है।

मुख्यमंत्री ने आश्रम की आध्यात्मिक ऊर्जा, संयमित वातावरण और शिष्य परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्थान न केवल आध्यात्मिक चेतना को जागृत करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मकता और सेवा भावना का संचार भी करते हैं।

See also  धान खरीदी में छत्तीसगढ़ की पारदर्शी व्यवस्था ने जीता किसानों का भरोसा, नारायणपुर में सहज प्रक्रिया से किसानों में संतोष

इस अवसर पर वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, और विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित रहे। सभी ने गुरु पीठ में दर्शन कर श्रद्धा अर्पित की और गुरु परंपरा को नमन किया।

गुरु पूर्णिमा के इस पावन दिन पर मुख्यमंत्री की यह यात्रा राज्य में आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।