futuredछत्तीसगढताजा खबरें

छत्तीसगढ़ में सहकारिता का विस्तार: फरसाबहार में अपेक्स बैंक की नई शाखा, किसानों को मिलेगी राहत

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्ष बैंक) के नवनियुक्त प्राधिकृत अधिकारी श्री केदारनाथ गुप्ता के पदभार ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने जशपुर जिले के फरसाबहार में अपेक्स बैंक की नई शाखा का वर्चुअल रूप से शुभारंभ करते हुए क्षेत्र के नागरिकों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य देशभर में साकार हो रहा है। इसी प्रेरणा के साथ छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के प्रत्येक घर तक सहकारी व्यवस्थाओं को मजबूत कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री गुप्ता के नेतृत्व में राज्य की सहकारी व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए हाल ही में दुधारू पशु वितरण योजना की शुरुआत की गई है। इसके तहत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में छह जिलों के चयनित हितग्राहियों को दो-दो दुधारू गायें वितरित की जा रही हैं। यह योजना राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के सहयोग से संचालित की जा रही है।

यह भी पढ़ें  खीरा की खेती से सुभद्रा बनीं आत्मनिर्भर, ‘लखपति दीदी’ का दर्जा हासिल

श्री साय ने कहा कि किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं सुलभ कराने के उद्देश्य से इस वर्ष पंचायती राज दिवस से प्रदेश के 1460 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से ग्राम पंचायत भवन में ही बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। सरकार का लक्ष्य है कि अगले पंचायती राज दिवस तक यह सुविधा सभी ग्राम पंचायतों में उपलब्ध हो।

मुख्यमंत्री ने फरसाबहार में खुली नई शाखा का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे किसानों को अब 50-60 किलोमीटर दूर पत्थलगांव नहीं जाना पड़ेगा। यह सुविधा उनके लिए एक बड़ा राहतप्रद कदम है।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सहकारिता की नींव वामनराव लाखे और ठाकुर प्यारेलाल जैसी विभूतियों ने रखी थी। आज यह क्षेत्र मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि श्री साय देश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने प्रति एकड़ 21 क्विंटल और ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर किसानों को अभूतपूर्व समर्थन दिया।

यह भी पढ़ें  असम चुनाव में NDA को बड़ी जीत का भरोसा, हिमंता सरमा बोले- 90 से ज्यादा सीटें मिल सकती हैं

डॉ. सिंह ने बताया कि अपेक्स बैंक इस समय 40,000 करोड़ रुपये के टर्नओवर के साथ प्रदेश का एक अत्यंत मजबूत वित्तीय संस्थान बन चुका है, और इसके माध्यम से अब तक 7,500 करोड़ रुपये के ऋण किसानों को वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा जनधन योजना जैसे अभियानों से देश के प्रत्येक नागरिक को बैंकिंग से जोड़ने की प्रशंसा की।

इस कार्यक्रम में एक और महत्वपूर्ण पहल के तहत मजगांव डॉक शिप बिल्डर्स लिमिटेड ने सीएसआर (कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) के अंतर्गत रायपुर स्थित सत्य साईं हृदय चिकित्सालय को 2.25 करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक मुख्यमंत्री श्री साय की उपस्थिति में सौंपा। मुख्यमंत्री ने इस पुनीत कार्य के लिए कंपनी का आभार प्रकट किया।

समारोह में सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, विधायकगण श्री राजेश मूणत, श्री अनुज शर्मा, श्री मोतीलाल साहू, श्री पुरंदर मिश्रा, गुरु खुशवंत साहेब, श्री सुनील सोनी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्री सुब्रत साहू और अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें  छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी गर्मी की तपिश, कई जिलों में 42 डिग्री पार पहुंच सकता है तापमान

 

ALSO READ : छत्तीसगढ़ की ताजा खबरे

ALSO READ : राज्यों की खबरें

ALSO READ : घुमक्कड़ी लेख 

ALSO READ : लोक संस्कृति लेख 

ALSO READ : धर्म एवं अध्यात्म लेख