futuredछत्तीसगढताजा खबरें

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गांधी और शास्त्री को उनकी जयंती पर दी श्रद्धांजलि

राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आज मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दोनों महान व्यक्तित्वों के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने महात्मा गांधी के योगदान को याद करते हुए कहा कि बापू ने सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों पर चलते हुए देश को स्वतंत्रता दिलाने के आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन हमें यह सिखाता है कि अगर इरादे मजबूत हों और रास्ता सच्चाई का हो, तो किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है। उनके विचार आज भी समाज के लिए पथप्रदर्शक हैं और युवा पीढ़ी को प्रेरणा देते हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी ने अपने पूरे सार्वजनिक जीवन में सादगी, ईमानदारी और सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने “जय जवान, जय किसान” का नारा देकर देशवासियों को एकजुट किया और देश के सैनिकों व किसानों का मनोबल बढ़ाया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शास्त्री जी की सादगी भरी नेतृत्व शैली और देश के प्रति उनकी निष्ठा सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

See also  छत्तीसगढ़ में अब हर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र ऑनलाइन अनिवार्य, अक्टूबर 2023 के बाद जन्मे बच्चों के लिए केवल जन्म प्रमाण पत्र ही वैध आधार

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।