\

झारखंड, महाराष्ट्र चुनावों घोषणा, रायपुर दक्षिण में 13 नवम्बर को होगा मतदान

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर 2024: मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने आज झारखंड और महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनावों की तिथियों की घोषणा की।

महाराष्ट्र चुनाव तिथि: महाराष्ट्र में चुनाव एक चरण में संपन्न होगा। मतदान 20 नवंबर 2024 को होगा, जबकि मतगणना 23 नवंबर 2024 को की जाएगी। महाराष्ट्र विधानसभा में कुल 288 सीटों के लिए चुनाव होगा। नामांकन 22 अक्टूबर 2024 को होगा, और इस राज्य में कुल 9.63 करोड़ मतदाता हैं।

झारखंड चुनाव तिथियां: झारखंड में विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 1 नवंबर 2024 को और दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर 2024 को होगा। झारखंड में नामांकन प्रक्रिया पहले चरण में 18 अक्टूबर 2024 और दूसरे चरण में 22 अक्टूबर 2024 को होगी। झारखंड की मतगणना भी महाराष्ट्र के साथ 23 नवंबर 2024 को होगी। झारखंड में कुल 2.6 करोड़ मतदाता हैं।

चुनाव आयोग ने यह भी घोषणा की है कि 85 साल से अधिक आयु के मतदाता घर से वोट देने के लिए पात्र होंगे, जिससे उन्हें मतदान की प्रक्रिया में आसानी होगी।

रायपुर दक्षिण में 13 नवम्बर को होगा मतदान

चुनाव आयोग ने छत्तीसगढ़ के रायपुर दक्षिण विधानसभा के उपचुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है. यहां 13 नवंबर को मतदान होगा और 23 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे. बता दें कि लोकसभा चुनाव में इस बार मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को रायपुर लोकसभा से टिकट दी गई थी. रायपुर से उन्होंने ऐतिहासिक जीत दर्ज की. उनकी जीत के बाद रायपुर दक्षिण एक मात्र ऐसी सीट है, जहां उपचुनाव होंगे.

चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक दलों और मतदाताओं से चुनाव आचार संहिता का पालन करने की अपील की है। चुनावों की तिथियों की घोषणा के साथ ही राज्यों में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं।