futuredछत्तीसगढ

लोकपर्व छेरछेरा पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की शुभकामनाएं, दान और समरसता को बताया छत्तीसगढ़ की पहचान

रायपुर, 2 जनवरी 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोकपर्व छेरछेरा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की मंगलकामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छेरछेरा महादान, सामाजिक समरसता और दानशीलता का प्रतीक पर्व है। यह छत्तीसगढ़ की समृद्ध, गौरवशाली और मानवीय मूल्यों से परिपूर्ण लोकपरंपरा को जीवंत रूप में अभिव्यक्त करता है। नई फसल के घर आने की खुशी में यह पर्व पौष मास की पूर्णिमा को पूरे प्रदेश में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी दिन मां शाकंभरी जयंती भी मनाई जाती है, जो अन्न, प्रकृति और जीवन संरक्षण का संदेश देती है। पौराणिक मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान शिव ने माता अन्नपूर्णा से भिक्षा ग्रहण की थी। इसी परंपरा के अनुरूप छेरछेरा पर्व पर धान के साथ साग-भाजी, फल और अन्य अन्न का दान किया जाता है, जिससे समाज में सहयोग, करुणा और मानवता की भावना मजबूत होती है।

See also  नारायणपुर में मुख्यमंत्री ने सुरक्षा बलों के जवानों से की आत्मीय मुलाकात, बस्तर में शांति स्थापना में योगदान की सराहना

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छेरछेरा पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और साझा समृद्धि की भावना को सुदृढ़ करता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से इस लोकपर्व को पारंपरिक मूल्यों, सद्भाव और उल्लास के साथ मनाने का आह्वान किया।