\

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का छत्तीसगढ़ दौरा, आईआईटी और एनआईटी के दीक्षा समारोह में होंगी शामिल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का छत्‍तीसगढ़ में दो दिवसीय दौरा तय हो गया है, जिसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। राष्ट्रपति 25 और 26 अक्टूबर को विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के प्रवास की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को राजभवन में बैठक हुई, जिसमें राज्यपाल रमेन डेका के सचिव यशवंत कुमार ने निर्धारित प्रोटोकाल के अनुसार अधिकारियों को तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राष्ट्रपति एम्स, एनआईटी रायपुर, आईआईटी भिलाई और पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान आयुष विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। सचिव यशवंत कुमार ने सभी शैक्षणिक संस्थानों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रायपुर और दुर्ग जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और राज्य प्रोटोकाल के अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की और नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। बताया जाता है कि राज्यपाल डेका और मुख्यमंत्री साय के बीच राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे को लेकर चर्चा हुई।

दौरे का कार्यक्रम:

  • सुबह 11:00 बजे: राष्ट्रपति का रायपुर एयरपोर्ट पर आगमन।
  • सुबह 11:30 बजे: एम्स (AIIMS) के दूसरे दीक्षा समारोह में हिस्सा लेंगी।
  • दोपहर 1:00 बजे: एम्स से रवाना होकर राजभवन पहुंचेंगी।
  • दोपहर 3:00 बजे: एनआईटी (NIT) रायपुर के 14वें दीक्षा समारोह में शामिल होंगी।
  • शाम 4:30 बजे: नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में स्थानीय आदिवासियों से मुलाकात करेंगी।
  • शाम 6:00 बजे: राजभवन में लौटेंगी और वहीं रात्रि विश्राम करेंगी।

दूसरा दिन (26 अक्टूबर):

  • सुबह 9:00 बजे: रायपुर के विवेकानंद सरोवर का दौरा करेंगी।
  • सुबह 10:00 बजे: रायपुर एयरपोर्ट से भिलाई के लिए प्रस्थान करेंगी।
  • सुबह 11:00 बजे: आईआईटी (IIT) भिलाई के चौथे दीक्षा समारोह में शामिल होंगी।
  • दोपहर 1:30 बजे: भिलाई से राजभवन लौटेंगी।
  • दोपहर 3:30 बजे: पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति चिकित्सा व आयुष विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षा समारोह में शामिल होंगी।
  • शाम 5:00 बजे: रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *