futuredछत्तीसगढ

अधूरे निर्माण के भुगतान के दबाव की खबर भ्रामक, शिक्षा विभाग ने किया खंडन

रायपुर, 23 अप्रैल 2026। बीजापुर जिले में प्रधान अध्यापक की मृत्यु से जुड़े मामले को लेकर सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स पर समग्र शिक्षा विभाग ने स्पष्ट रुख अपनाया है। जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा बीजापुर ने जारी स्पष्टीकरण में कहा है कि अधूरे निर्माण कार्य के भुगतान के लिए दबाव बनाए जाने संबंधी खबरें पूरी तरह तथ्यहीन और भ्रामक हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विभाग पुलिस जांच में निष्पक्ष रूप से पूर्ण सहयोग कर रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत पालनार के अंतर्गत प्राथमिक शाला मझारपारा में पदस्थ प्रधान पाठक राजू पुजारी का 22 अप्रैल 2026 को निधन हो गया। यह घटना अत्यंत दुखद है और पूरे क्षेत्र में शोक का वातावरण है। पुलिस द्वारा प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के पास से कुछ पत्र बरामद किए गए हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच जारी है।

समग्र शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्राथमिक शाला भवन और अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कार्य शाला प्रबंधन समिति के माध्यम से कराया गया था, जिसमें प्रधान अध्यापक पदेन अध्यक्ष की भूमिका में होते हैं। निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत राशि के अनुरूप प्रथम किस्त का भुगतान नियमानुसार किया गया था। इसके बाद निर्माण कार्य पूर्ण होने पर माप पुस्तिका, पूर्णता प्रमाण पत्र, हस्तांतरण प्रमाण पत्र तथा आवश्यक फोटोग्राफ्स प्राप्त होने के आधार पर प्रगति के अनुसार रनिंग बिलों के माध्यम से भुगतान की प्रक्रिया अपनाई गई।

यह भी पढ़ें  मानवता की मिसाल: गंभीर बीमार महिला को बाइक से लाए पति, प्रशासन ने तुरंत दिलाया इलाज

विभाग के अनुसार, प्राथमिक शाला भवन और अतिरिक्त कक्ष दोनों का निर्माण कार्य फरवरी 2026 में पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष लगभग 60 प्रतिशत राशि राज्य स्तर से प्राप्त होना अभी लंबित है। इस पूरी प्रक्रिया में किसी प्रकार का दबाव या अनियमितता नहीं पाई गई है।

जिला मिशन समन्वयक ने यह भी कहा कि कुछ समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों में बिना तथ्यात्मक पुष्टि के प्रकाशित खबरों से आमजन में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने मीडिया से अपील की है कि केवल आधिकारिक और प्रमाणित जानकारी के आधार पर ही समाचार प्रकाशित किए जाएं।

विभाग ने पुनः दोहराया है कि इस दुखद घटना के सभी पहलुओं की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है और शिक्षा विभाग हर स्तर पर आवश्यक सहयोग सुनिश्चित कर रहा है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।