futuredछत्तीसगढताजा खबरें

केआईटीजी-2026: कर्नाटक की बढ़त बरकरार, छत्तीसगढ़ को रजत-कांस्य; फुटबॉल में फाइनल में पहुंची मेजबान टीम

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के आठवें दिन कर्नाटक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में अपनी बढ़त और मजबूत कर ली। रेस वॉक में दशरथ तलवार और 800 मीटर में नागिनी के स्वर्ण पदकों ने टीम को शीर्ष पर बनाए रखा।

जगदलपुर के एथलेटिक्स ट्रैक पर पुरुष 10 किमी रेस वॉक में कर्नाटक ने दबदबा दिखाया, जहां दशरथ तलवार ने स्वर्ण और उनके साथी ने रजत पदक जीता। वहीं महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में नागिनी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कर्नाटक के खाते में एक और स्वर्ण जोड़ा। कर्नाटक अब तक 21 स्वर्ण सहित कुल 36 पदक अपने नाम कर चुका है।

मेजबान छत्तीसगढ़ के लिए दिन मिला-जुला रहा। गजेंद्र ठाकुर ने पुरुष 800 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। खास बात यह रही कि उन्होंने एथलेटिक्स में महज एक साल पहले ही कदम रखा था। वहीं पुरुष हॉकी टीम ने मध्य प्रदेश को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। इन उपलब्धियों के साथ छत्तीसगढ़ के कुल पदक दो स्वर्ण, आठ रजत और पांच कांस्य हो गए हैं।

See also  डॉ. हेडगेवार का राष्ट्रचिंतन और संघ स्थापना का मूल उद्देश्य

एथलेटिक्स में ओडिशा ने भी अपनी मजबूत चुनौती पेश की। राज्य के खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण पदक जीतकर दूसरे स्थान पर अपनी स्थिति बनाए रखी। दावनिधि मुंडा, रोशन खड़िया, दीपा किसान और धनमती जेस ने अपने-अपने स्पर्धाओं में शीर्ष स्थान हासिल किया।

झारखंड ने भी अच्छा प्रदर्शन जारी रखते हुए दो स्वर्ण पदक जीते और पदक तालिका में तीसरे स्थान पर बना हुआ है। टीम के खाते में अब तक 19 पदक आ चुके हैं, जिनमें नौ स्वर्ण शामिल हैं।

उधर, रायपुर के विवेकानंद कोटा स्टेडियम में खेले गए पुरुष फुटबॉल सेमीफाइनल मुकाबलों में छत्तीसगढ़ ने रोमांचक मुकाबले में अरुणाचल प्रदेश को 3-2 से हराकर फाइनल में जगह बना ली। अब खिताबी मुकाबले में उसका सामना पश्चिम बंगाल से होगा, जिसने गोवा को 5-2 से हराया।

ट्राइबल गेम्स के समापन में अब केवल एक दिन शेष है, ऐसे में पदक तालिका में शीर्ष स्थान के लिए मुकाबला और रोमांचक होने की उम्मीद है।

See also  महंगाई3% राहत जारी करने में देरी पर पेंशनर्स महासंघ नाराज, 81 माह का लंबित एरियर भुगतान भी लंबित