गृहग्राम बगिया में माँ के आशीर्वाद के साथ सादगी और आत्मीयता के साथ मना मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जन्मदिवस
रायपुर, 21 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 62वां जन्मदिवस उनके गृहग्राम बगिया में उत्साह, आत्मीयता और पारिवारिक स्नेह के माहौल में मनाया गया। गृहग्राम पहुंचते ही उन्होंने अपनी माता जसमनी देवी के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।
जन्मदिवस पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सभी के स्नेह और आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनस्नेह ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।
इस अवसर पर बगिया स्थित श्री राम सदन में सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उनकी माता जसमनी देवी, धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्यों ने श्रद्धा के साथ व्रत कथा का श्रवण कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले ही उनके निवास पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों में उनसे भेंट करने को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर विधायक गोमती साय और रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत सदस्य कृष्ण कुमार राय सहित पंचायत एवं नगरीय निकायों के प्रतिनिधि, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह तथा अन्य अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
क्रिकेट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मिली प्रोत्साहन किट
जिले का नाम रोशन करने वाली शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास, इचकेला की छात्राओं को मुख्यमंत्री ने 15 क्रिकेट किट प्रदान कीं। इन छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री ने उन्हें निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।
पहाड़ी कोरवा समाज ने दी जन्मदिवस की शुभकामनाएं
बगीचा क्षेत्र से आए विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक वेशभूषा और तीर-धनुष के साथ मुख्यमंत्री से भेंट कर जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनसे संवाद कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने विशेष पिछड़ी जनजातियों के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
