futuredछत्तीसगढताजा खबरें

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की शुरुआत किसानों के परिश्रम को सम्मान देने का संकल्प – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

भोर के साथ ही आज पूरे प्रदेश में बहुप्रतीक्षित धान खरीदी अभियान का शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इसे किसानों की कड़ी मेहनत और सरकार पर उनके भरोसे का उत्सव बताते हुए कहा कि राज्य सरकार इस पूरी प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त कर दिया गया है। किसानों को केंद्रों पर किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

इस वर्ष धान खरीदी व्यवस्था को तकनीक से और सशक्त बनाया गया है। तुँहर टोकन एप, जीपीएस आधारित परिवहन व्यवस्था, सतर्क एप और कमांड-एंड-कंट्रोल सेंटर जैसे आधुनिक सिस्टमों से खरीदी प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनेगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार की पहली प्राथमिकता किसानों को बेहतर सुविधा, सम्मानजनक व्यवस्था और समय पर भुगतान सुनिश्चित करना है।

See also  छत्तीसगढ़ नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025–30 को मंजूरी, निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि किसानों का विश्वास ही छत्तीसगढ़ की उन्नति की आधारशिला है। राज्य की आत्मा हमारे किसान हैं और धान खरीदी की यह शुरुआत उनके श्रम का सम्मान करने का उपयुक्त अवसर है।

धान खरीदी शुरू होते ही प्रदेशभर के किसानों में उत्साह का वातावरण दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि मजबूत तकनीकी ढांचा और पारदर्शी व्यवस्था इस साल की खरीदी को पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक सुगम बनाएगी।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्धि की यात्रा किसानों की उम्मीदों और उनके अटूट विश्वास की रोशनी में लगातार आगे बढ़ रही है।