संपूर्णता अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आकांक्षी जिलों और विकासखंडों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
रायपुर, 2 अगस्त 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य के आकांक्षी जिलों और विकासखंडों में जुलाई 2024 से सितम्बर 2024 तक संचालित संपूर्णता अभियान में निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने वाले जिलों और विकासखंडों को पुरस्कृत किया। उन्होंने राजधानी रायपुर के नवीन विश्राम भवन में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिलों, विकासखंडों और उनके अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने में समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना जरूरी है। विशेषकर सुदूर वनांचलों और विशेष पिछड़ी जनजातियों (PVTGs) के विकास पर राज्य सरकार विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं से छत्तीसगढ़ के 6661 गांवों में विकास की किरण पहुंच रही है। आकांक्षी जिलों और विकासखंडों में केंद्र सरकार की योजनाओं से दूरदराज के गांवों में भी मूलभूत सुविधाएं सुलभ हो रही हैं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि आकांक्षी जिलों और विकासखंडों में 2018 से शुरू हुई योजनाओं का असर अब स्पष्ट दिख रहा है। पिछड़े जिलों में मानव विकास सूचकांकों में सुधार लाने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, बुनियादी सुविधाओं जैसे विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्य किया जा रहा है। उन्होंने आशा जताई कि प्रत्येक व्यक्ति के विकास से ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत का निर्माण होगा।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि आकांक्षी जिलों और विकासखंडों में भौतिक प्रगति के साथ-साथ मानव सूचकांकों को सुधारने के लिए लक्षित कार्य किया जा रहा है। उन्होंने इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं और बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित किया।
पुरस्कार प्राप्त जिलों और विकासखंडों का विवरण:
-
स्वर्ण पदक: सभी छह संकेतकों में शत-प्रतिशत संतृप्ति पाने वाले आकांक्षी जिले — बस्तर और कोंडागांव; विकासखंड — शंकरगढ़, मैनपुर, माकड़ी, कोयलीबेड़ा, ओरछा और प्रतापपुर।
-
रजत पदक: पांच संकेतकों में संतृप्ति पाने वाले आकांक्षी जिले — दंतेवाड़ा, कोरबा, कांकेर, नारायणपुर; विकासखंड — लखनपुर, बैकुंठपुर, दुर्गकोंदूल, गौरेला-2, कोरबा, पिथौरा।
-
कांस्य पदक: चार संकेतकों में संतृप्ति पाने वाले आकांक्षी जिला — बीजापुर; विकासखंड — गरियाबंद, उसूर, पोड़ी उपरोड़ा, बोड़ला, तोकापाल, कुआंकोंडा।
-
ताम्र पदक: तीन संकेतकों में संतृप्ति पाने वाले आकांक्षी जिले — मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी, महासमुंद, सुकमा; विकासखंड — अंबागढ़ चौकी।
मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलों के तत्कालीन और वर्तमान कलेक्टरों को सम्मानित किया। समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू और गुरू खुशवंत साहेब भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, योजना विभाग के सचिव अंकित आनंद तथा नीति आयोग के अधिकारी भी शामिल हुए। इस अवसर पर संपूर्णता अभियान के दौरान छह प्रमुख संकेतकों, एएनसी पंजीकरण, पूरक पोषण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, बच्चों का पूर्ण टीकाकरण, बिजली वाले स्कूल, समय पर पाठ्यपुस्तक वितरण, में बेहतरीन काम करने वालों को सम्मानित किया गया।