अनुपम मिश्र के निधन पर श्रद्धांजलि

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने देश के सुप्रसिद्ध गांधीवादी चिंतक, लेखक और पर्यावरणविद श्री अनुपम मिश्र के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। श्री मिश्र का आज नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। मुख्यमंत्री ने उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। डॉ. रमन सिंह ने रायपुर में जारी शोक संदेश में कहा है कि श्री मिश्र ने देश में पर्यावरण की सुरक्षा और विशेष रूप से तालाबों के संरक्षण के लिए जन-जागरण में अपना सम्पूर्ण जीवन लगा दिया।
उन्होंने ’आज भी खरे हैं तालाब’, ’राजस्थान की रजत बूंदे’ और ’हमारा पर्यावरण’ जैसी अपनी महत्वपूर्ण पुस्तकों के जरिए पानी और पर्यावरण बचाने के लिए लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वर्षा जल संचय (रेनवाटर हार्वेस्टिंग) के महत्व को उन्होंने अपनी लेखनी के जरिए जन-जन तक पहुंचाया। उल्लेखनीय है कि श्री अनुपम मिश्र ने अंतिम क्षण तक गांधी शांति प्रतिष्ठान नई दिल्ली को अपनी सेवाएं दी। उन्हें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय पर्यावरण पुरस्कार और जमनालाल बजाज पुरस्कार सहित राष्ट्रीय स्तर के अनेक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। डॉ. रमन सिंह ने स्वर्गीय श्री अनुपम मिश्र को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *