विधानसभा सदस्यों के लिए ‘ब्रह्मा भोजन’ की परंपरा प्रेरक : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज नया रायपुर स्थित शांति सरोवर में आयोजित स्नेह मिलन एवं ‘ब्रह्मा भोजन’ कार्यक्रम में शामिल हुए। यह आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा छत्तीसगढ़ विधानसभा के सदस्यों के सम्मान में किया गया था। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्रीगण, नेता प्रतिपक्ष और अनेक विधायक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी बहनों के सेवा भाव और आत्मीयता की सराहना की। उन्होंने कहा कि विधानसभा सदस्यों के लिए प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला ‘ब्रह्मा भोजन’ केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि आपसी सद्भाव और आध्यात्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का अवसर है। उन्होंने इसे समाज में सकारात्मक संदेश देने वाली प्रेरणादायी पहल बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था लंबे समय से नैतिक मूल्यों के संवर्धन, आध्यात्मिक चेतना और आंतरिक शांति के प्रसार के लिए कार्य कर रही है। शांति सरोवर और शांति शिखर जैसे केंद्रों का वातावरण सदैव ऊर्जा और सुकून का अनुभव कराता है। उन्होंने बताया कि संस्था का 137 से अधिक देशों में विस्तार इसकी वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि संस्था महिलाओं के सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक जागरूकता पहुंचाने का कार्य कर रही है। विशेष रूप से जनजातीय अंचलों में सामाजिक और आर्थिक उत्थान के प्रयास सराहनीय हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ब्रह्माकुमारी परिवार के साथ पवित्र ‘ब्रह्मा भोजन’ ग्रहण किया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
ब्रह्माकुमारी बहनों ने मुख्यमंत्री एवं सभी विधायकों को माउंट आबू स्थित मुख्यालय आने का आमंत्रण दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया।
कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, विधायक धरमलाल कौशिक सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। ब्रह्माकुमारी परिवार की ओर से मृत्युंजय भाई, आत्म प्रकाश भाई, हेमलता दीदी, लता दीदी, आशा दीदी, सरिता दीदी और सविता दीदी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

